केंद्र ने किया आत्मनिर्भर बनाने वाला बजट पेश
लीना बनोधा
हरिद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैय्यद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला बजट पेश किया है। बजट के बाद पूरे देश में खुशी की लहर है। कोराना काल में जहां पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था चरमरा गयी थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए आत्मनिर्भर पैकेज का ही नतीजा है कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ सही दिशा में जा रही है। राजमार्ग स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सैय्यद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पीएम मोदी की दूरर्शिता के चलते सरकार ने कोरोना से उपजी चुनौती को अवसर में बदल दिया। पहले से ही बजट की आलोचना की तैयारी किए बैठे राहुल गांधी समेत तमाम कांग्रेस नेताओं को बजट समझ में ही नहीं आया। जबकि पूरा देश पेश किए गए बजट को लेकर खुश है। शेयर बाजार में अब तक की सबसे बड़ी उछाल दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में हर प्रकार की चर्चा करने को तैयार है। लेकिन विपक्ष संसद में चर्चा के बजाए कार्यवाही को बाधित करने का कार्य कर रहा है। कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन के संबंध में शाहनवाज ने कहा कि किसानों की मांगों के प्रति सरकार का रूख नरम है। सरकार कानूनों को स्थगित करने को भी तैयार है। लेकिन विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। 26 जनवरी को अमेरिका में हुए कैपिटल हिल जैसी कार्रवाई की साजिश थी। 26 जनवरी को जो लोग लालकिले पर पहुंचे थे उनमें से अधिकांश लोग किसान आंदोलन में शामिल थे। उन्होंने कहा कि दीप सिद्ध से भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 26 जनवरी की घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार है किन्तु उपद्रव किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी बड़ी घटना के इंतजार में थे। उन्हें इंतजार था कि पुलिस गोली चलाएगी और उन्हें लाशों पर राजनीति करने का मौका मिलेगा। लेकिन सरकार और पुलिस प्रशासन ने पूरा संयम बरता। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रियंका किसानों से मिलने जा रही हैं। लेकिन 26 जनवरी को हुई हिंसा में घायल पुलिस के जवानों से मिलने का उनके पास समय नहीं है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश जमदग्नि, जिलाध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चैहान, महामंत्री विकास तिवारी, सुनील सैनी, क्षितिज गौतम, शादाब आदि सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
