लीना बनौधा
हरिद्वार। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रीता चमोली ने सुभाष नगर में जिला कार्यकरिणी सदस्य कमल, रजनी पंवार, सरिता नेगी के साथ बहनों की परिचय बैठक ली। साथ ही महिलाओं को अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर को लेकर चल रहे धन संग्रह के विषय में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि 5 पीढ़ियों के कठिन संघर्ष एवं बलिदानों के बाद श्रीराम लाला अपने घर वापस आए हैं और हम सब को इन स्वर्णिम पलों को जीने का अवसर मिला है, यह हम सब के पिछले कई जन्मों के सत कर्मों का ही फल है। जिला मंत्री रीमा गुप्ता ने कहा कि सृष्टि में उपस्थित मनुष्य मात्र से लेकर प्रत्येक जीव के लिए घर की व्यवस्था करने वाले परम ईश्वर को यूं तो अपने स्वयं के घर के लिए धन की कोई कमी नहीं, श्रीराम हम सबके आराध्य हैं हमारी भावनाएं उनके साथ जुड़ी है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति उनके मंदिर के निर्माण में अपना सहयोग देना चाहता है, हर कोई श्रीराम मंदिर के भव्य स्वरूप को मन में धारण कर अधिक से अधिक सहयोग करना चाहता है। जिला उपाध्यक्ष मनु रावत ने कहा कि हम सब के लिए अत्यंत ही गर्व का विषय है कि हमें अपने राम के कार्य में सहयोगी होने का अवसर मिला है, हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में वादा किया था कि प्रभु श्रीराम को उनके अपने घर में ही स्थान दिलाएंगे। उन्होंने प्रभु श्रीराम एवं जनता दोनों से किया अपना वादा निभाया है। इस अवसर पर महिला मोर्चे द्वारा केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेकों योजनाओं से बहनों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी द्वारा ऐसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका लाभ लोगों को पहुंचाया जा रहा है। जिनमें उज्जवला गैस योजना, आयुष्मान योजना, सुकन्या योजना, नंदा गोरी योजना प्रमुख योजनाएं हैं। जिनका लाभ निरंतर जनता को मिल रहा है। इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चे के मण्डल अध्यक्ष कुलवंत सिंह चढ्ढा, दीपक नेगी, राजीव शर्मा, रेणु शर्मा आदि मौजूद रहे।
