
भगत सिंह चौक पर चलाया सफाई अभियान
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हिन्दूवादी संगठन के नेता आर्यन उपाध्याय के नेतृत्व में भारी संख्या में युवाओं ने एकत्रित होकर शहीदे आजम भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के शहीद दिवस पर भगत सिंह चौक पर भगत सिंह की प्रतिमा पर मालार्पण कर श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए उनको नमन किया और सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर हिन्दूवादी संगठन नेता आर्यन उपाध्याय ने कहा कि शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू जैसे असंख्य वीरों के बलिदान से हमें आजादी मिली थी। जिसकी रक्षा हमारे जाबांज सैनिक अपने प्राणों की आहूति देकर भी कर रहे हैं। जब हम अपने परिवार के साथ होली, दीपावली का त्यौहार मना रहे होते हैं तब हमारे वीर सैनिक सीमा पर अपना लहू बहाकर राष्ट्र की रक्षा करते हैं। कहा कि वही संस्कृति व राष्ट्र जीवंत रहता है जो अपने देश के शहीदों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखता है। गुलामी की जंजीरों को तोड़कर भारत माता का गौरव कायम रखने में देश के हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। अमर शहीदों व वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने देगें। युवा पीढ़ी अपना सर्वस्व न्यौछावर करके भी राष्ट्र विरोधी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब देगी। इस अवसर पर दीपक, देवेन्द्र सोलंकी, सन्नी राणा, आलोक सक्सैना, अनिल, परितोष गुप्ता, अमित वालिया, प्रदीप राघव आदि मौजूद थे।