♦केयर टेकर ही कर रहा आश्रम की संपत्ति को खुर्दबुर्द करने का प्रयास, मुकदमा दर्ज
♦आश्रम को खुदबुर्द करने का विरोध करने पर ट्रस्टीयों को डराने व धमकाने का हैं आरोप
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र के भूपतवाला की रानी गली स्थित भजनानंद आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष भगत ऋषि ने केयर टेकर साहिल उर्फ गोपाल हरि पर ही आश्रम पर कब्जा करने का गम्भीर आरोप लगाया है। आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष भगत ऋषि ने आश्रम के ट्रस्टीयों के साथ प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि आश्रम के रखरखाव एवं देखभाल के लिए साहिल उर्फ गोपाल हरि को रखा गया था। आरोप हैं कि उसके द्वारा ही फर्जी ट्रस्ट बनाकर आश्रम को खुदबुर्द करने का षडयंत्र किया जा रहा है। आश्रम को खुदबुर्द करने के लिए आश्रम को सौदा भी कर दिया गया और टोकन मनी भी ले ली गई। लेकिन किसी कारण वश उनको सौदा सिरे नहीं चढ पाया और सौदा रद्द हो गया। इसी बीच पूरे मामले की जानकारी आश्रम के ट्रस्टीयों को मिल गई।
उन्होंने बताया कि जब आश्रम के केयर टेकर से इस मामले में जानकारी जुटाई गयी तो वह इधर उधर की बाते करता हुआ आश्रम के ट्रस्टीयों को गुमराह करने का प्रयास करने लगा। केयर टेकर की मनसूबों की पूरे प्रमाण ट्रस्टीयों के पास होने पर उनके द्वारा केयर टेकर साहिल उर्फ गोपाल हरि के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिसपर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोप हैं कि केयर टेकर के आश्रम को खुदबुर्द करने का विरोध करने पर साहिल ट्रस्टीयों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए डरा धमका रहा है। सभी ट्रस्टी बाहरी राज्यों के हैं और वृद्ध हैं। इस बात का फायदा उठाकर केयर टेकर साहिल उर्फ़ गोपाल हरि आश्रम को बेचने के षड्यंत्र रच रहा है। आश्रम के अध्यक्ष ने पुलिस और प्रशासन से न्याय और जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आश्रम को केयर टेकर के कब्जे से मुक्त कराते हुए धार्मिक संपत्ति को खुर्दबुर्द होने से बचाने की गुहार लगाई है। पत्रकार वार्ता दौरान राकेश सेठी, अशोक, राजेश आहूजा आदि भी मौजूद रहे।



