मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कांग्रेस ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी और यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने हरिद्वार पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के सवालों पर खामोश है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से तीन प्रमुख मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
आलोक शर्मा ने अग्निवीर योजना को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में कितनी भर्तियां हुईं और उससे पहले के चार वर्षों में कितनी भर्तियां हुईं, इसका पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। साथ ही 2010 से 2014 के बीच सेना के तीनों अंगों में हुई भर्तियों का आंकड़ा भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से श्वेत पत्र के माध्यम से जारी करने की मांग की। वहीं दूसरी मांग उत्तराखंड में बंद किए गए सरकारी स्कूलों को लेकर उठाई गई। कांग्रेस ने पूछा कि प्रदेश में अब तक कितने स्कूल बंद किए गए हैं।
तीसरी मांग पेपर लीक मामलों को लेकर की गई, जिसमें कांग्रेस ने सवाल उठाया कि कितने आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, कितने युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और कितने अभ्यर्थियों की फीस वापस की गई। कांग्रेस ने इन तीनों मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगते हुए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।



