बाजार में खुला कुट्टू का आटा नहीं बेचा जाएगा, कारोबारियों की हुई जागरूकता कार्यशाला
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार ने सोमवार को उपायुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, गढ़वाल मण्डल राजेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में खाद्य कारोबारकर्ताओं की एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। आगामी नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत कुट्टू के आटे के विनिर्माण, भण्डारण, विक्रय, पैकेजिंग आदि के क्रम में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुपालन एवं दिशा-निर्देशों के क्रम में उक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया।
विगत वर्षों में नवरात्रि पर्व के दौरान कुट्टू के आटे से होने वाली फूड प्वाइजनिंग को ध्यान में रखते हुए खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देश दिए गये हैं कि कुट्टू के आटे को पैक्ड के रूप में ही बेचा जाए साथ ही बिल व बीजक अनिवार्य रूप से रखे जाएं। खुला कुट्टू का आटा विक्रय न किया जाए। केवल मानक के अनुरूप (शुद्ध) कुट्टू का आटा ही बेचा जाए एवं कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य पदार्थों का विक्रय न किया जाए।
कार्यशाला में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, हरिद्वार की ओर से सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा, दिलीप कुमार जैन, योगेन्द्र पाण्डे आदि उपस्थित रहे। वहीं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों में सुरेन्द्र अनेजा, सुनील अरोड़ा, विपिन कुमार गुप्ता, विक्की तनेजा, सुमित अग्रवाल, दीपक गोयल आदि उपस्थित रहे।



