♦कुंभ बजट से होने वाले निर्माण कार्यो पर सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए
♦ज्वालापुर और बहादराबाद क्षेत्र से किया जा रहा सौतेला व्यवहार, इन क्षेत्रों को रखा गया
विकास से दूर
♦निर्माण कार्य स्थल पर साईन बोर्ड लगाया जाना चाहिए, ताकि जनता को सही जानकारी मिले
♦वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर कुंभ के भ्रष्टाचार में सलिप्त लोगों को नहीं बख्शा जाएगा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कुंभ मेला-2027 में किये जा रहे निर्माण कार्याे में भारी भ्रष्टाचार का गम्भीर आरोप लगाया है। कुंभ मेले के लिए मिले 709 करोड के बजट का दुरूपयोग करने का भी आरोप मेला प्रशासन समेत प्रदेश की सरकार पर मढा है। शहर में कई जगहों पर ठीक ठाक सड़कों को भी तोड कर कुंभ के बजट को ठिकाने लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मेले के बजट से किये जाने वाले निर्माण कार्याे पर श्वेत पत्र जारी किया जाना चाहिए, ताकि शहर की जनता को भी निर्माण कार्याे की स्थिति का पता चल सके। कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोश शर्मा रविवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि कुंभ निर्माण कार्यों में निष्पक्षता और पारदर्शिता नहीं अपनाई जा रही है। राज्य एवं केंद्र सरकार की घोर लापरवाही के कारण निर्गत किए गए 709 करोड़ के कुंभ बजट का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभ निर्माण कार्यों पर ना केवल विपक्ष सवाल खडे कर रहे हैं, बल्कि भाजपा के पार्षद भी किये जा रहे निर्माण कार्याे पर सवाल उठा उठा रहे हैं। आलोक शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि कुंभ मेले में किये जा रहे निर्माण कार्याे को ज्वालापुर और बहादराबाद क्षेत्र से अलग रखा गया है। कांग्रेस की मांग है कि कुंभ के बजट से किये जा रहे निर्माण कार्याे में ज्वालापुर और बहादराबाद क्षेत्र को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर दोहरी नीति क्यों अपनायी जा रही है। सीतापुर, रवि विहार, ब्रह्मपुरी, शिव विहार, आन्नेकी, रोशनाबाद आदि तमाम कालोनियों में सड़कों की हालत खराब है। कई कालोनियों में सीवर लाइन तक की सुविधा नहीं है। पानी की टंकियां का निर्माण तो कर दिया गया। लेकिन कनेक्शन नहीं है। कुंभ बजट से तमाम कालोनियों में निर्माण कार्य कराए जाते तो स्थानीय लोगों को लाभ मिलता। जो निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, उनकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में खर्च किये गये बजट पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। कांग्रेस की मांग यह भी हैं कि जहां-जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं वहां-वहां साईन बोर्ड होना चाहिए, जिसमें निर्माण कार्याे की पूरी जानकारी अंकित होनी चाहिए। श्वेत पत्र इस पर भी जारी होना चाहिए कि क्या कुछ ऐसे टेंडर भी हैं जो काम पूरा होने के बाद हो रहे है। कुंभ मेले के निर्माण कार्याे में बडा भ्रष्टाचार होना प्रतीत हो रहा है। वर्ष 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है, जो अधिकारी, जो भाजपाई, जो संघी कुंभ के भ्रष्टाचार में सलिप्त पाया जाएगा उनको बख्शा नहीं जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान ग्रामीण जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, सोम त्यागी, मनोज सैनी, सुरेश राणा, निर्मल सोनी, विकास चंद्रा, सीएल यूदेव आदि मौजूद रहे।
