बदमाशों ने 15 अगस्त को बैरागी कैम्प से महिला के गले से झपटी थी चैन
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने कावड़ियों के भेष में महिला के गले से चैन झपटने वाले बाइक सवार दो चैन स्नेचरों को जियापोता के पास से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने महिला से झपटी सोने की चैन बरामद की है। जिसकी जानकारी एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपना नाम भूदेव पुत्र राजेश कुमार निवासी गली नम्बर 29 नेहरू रोड कोतवाली बडौद उत्तर प्रदेश और करण पुत्र सतपाल निवासी गली नम्बर 08 मोहनपुरी गोण्डा चौक थाना भजनपुरा नई दिल्ली बताया है। दोनों बदमाश पूर्व में भी लूट,चोरी और हत्या मामले में जेल जा चुके है। बदमाशों ने बैरागी कैंप से 15 अगस्त को जगजीतपुर कनखल निवासी महिला के गले से सोने की चौन की झपटमारी की थी। जिसके सम्बंध में पीडिता के पति द्वारा कनखल थाने में तहरीर देकर अज्ञात बाइक सवार झपटमारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस तभी से बाइक सवार झपटमारों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व आसपास के लोगों की जानकारी जुटाते हुए झपटमारों की तलाश में जुटी रही। पुलिस ने तलाश के दौरान मिली अहम सुराग के आधार पर बीती देर शाम बाइक सवार दोनों झपटमारों को दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेशकर जेल भेजा जा रहा है।
प्रेसवार्ता के दौरान सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना एसएचओ देवेन्द्र सिंह रावत, एसएसआई अनुज सिंह आदि मौजूद रहे।
