मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मल्लिकार्जुन खड़गे को एक सम्मानित और अच्छे नेता बताते हुए कहा कि उनका अपमान करना तो दूर, उत्तराखंड में कोई ऐसा सोच भी नहीं सकता। हालांकि, इसके बाद मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को लेकर कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन के मामले में कांग्रेस ने जिस तरह से भूमिका निभाई, उसे उत्तराखंड की जनता देख रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस पूरे मामले में भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता या कार्यकर्ता मौजूद नहीं था। उन्होंने कांग्रेस पर देश के दिग्गज नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए सत्ता सर्वाेपरि रही है और सत्ता हासिल करने के लिए पार्टी किसी भी हद तक जाने से पीछे नहीं हटती। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मंच से जहां मुख्यमंत्री धामी ने देश के विभाजन की पीड़ा और एकता का संदेश दिया, वहीं खड़गे के सम्मान को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।
