♦स्वास्थ्य विभाग ने इस बार अस्थाई चिकित्सा शिविरों की संख्या बढाई
♦बैरांगी कैम्प जैसे सवेंदनशील क्षेत्र में चिकित्सा शिविर 2 से बढा कर की तीन
♦स्वास्थ्य विभाग को 6 चिकित्सालय व समाज सेवी संस्थाए दे रही सहयोग
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। श्रावण मांस कांवड मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवडियों के स्वास्थ्य लाभ देने के लिए भारी इंतजाम किये गये है। कांवड मेला स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि इस बार कांवड मेले में कांवडियों की संख्या में इजाफा होने की सम्भावना के मद्देनजर अस्थाई चिकित्सा शिविरों की संख्या 25 से बढा कर 27 की गई है। कांवड मेला स्वास्थ्य विभाग का कंट्रोल रूम उप जिला मेला अस्पताल में बनाया गया है। वहीं कांवड मेले में 6 निजी चिकित्सालय भी स्वास्थ्य विभाग को सहयोग देते हुए चिकित्सा शिविर संचालित करेगें।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेले में स्थापित अस्थाई चिकित्सा शिविरों में चिकित्सकों समेत अन्य स्टॉफ की पूरी सूची तैयार कर उनको निर्धारित चिकित्सा शिविरों में तैनाती दे दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के सभी अस्थाई चिकित्सा शिविरों पर आपातकालीन सेवा के लिए एक-एक एम्बुलेंस भी तैनात रहेगी। आपात की स्थिति में गम्भीर मरीजों को उप जिला मेला अस्पताल या फिर नजदीकी चिकित्सालयों में ले जाया जा सकें। मेले में स्थापित सभी चिकित्सा शिविर विधिवत रूप से 30 जुलाई से अपनी सेवाए शुरू कर देगें।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि कांवड मेले में स्वास्थ्य विभाग को मंशा देवी, ध्रुव चैरिटेबल हॉस्पिटल, पंताजलि, भूमानंद हॉस्पिटल, आरोग्यम हॉस्पिटल और कोर कॉलेज द्वारा अपनी तरफ से चिकित्सा शिविर लगाकर अपना सहयोग करेगें। इनके द्वारा कांवड मेले में स्थापित चिकित्सा शिविरों में मेडिसन से लेकर चिकित्सक तक उन्हीं की ओर से व्यवस्था की जाएगी। कांवड मेले में स्थापित चिकित्सा शिविरों के लिए पार्यप्त मात्रा में औषधी, इंजेक्शन आदि कट्रोल रूम में उपलब्ध करा ली गई है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग कांवड मेले में 24 घंटे अपनी सेवाए देने के लिए तैयार है। चिकित्सा शिविरों में तैनात चिकित्सक व स्टॉफ को कांवडियों के साथ मधुर व्यवहार करने के साथ-साथ पूरी तन्मयता के साथ उनकी सेवा करने के निर्देश दिए गये है। साथ ही कांवड मेले में तैनात चिकित्सक समेत स्टॉफ को स्पष्ट किया गया हैं कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड मेले की ड्यूटी में अधिकाश अनुभवी चिकित्सकों व स्टॉफ को तैनात किया गया है, जिनको कांवड मेले में काम करने का अच्छा खासा अनुभव है।
