♦हैरोइन पंजाब से खरीदकर रूड़की बेचने के लिए पहुंचा था, तभी पुलिस ने दबोचा
♦लाठरदेवा अंडर पास कार सवार पुलिस को देखकर भागा, तभी शक के घेरे में आया
♦पुलिस को तलाशी में कार के डैसबोर्ड में पन्नी में रखी 980 ग्राम हैरोइन मिली
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। गंगनहर पुलिस ने देर शाम क्षेत्र से गश्त के दौरान कार सवार एक नशा तस्कर को करीब दो करोड की हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। नशा तस्कर पंजाब का रहने वाला हैं और पंजाब से हैरोइन खरीदकर रूड़की बेचने के लिए पहुंचा था। पुलिस ने हैरोइन तस्कर के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब हैरोइन तस्कर से मिली जानकारी के बाद रूडकी के नशा तस्करों की तलाश मेें जुट गई है। इस बात की जानकारी एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने गंगनहर कोतवाली परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि कोतवाली गंगनहर पुलिस बीती शाम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को लाठरदेवा अंडर पास में एक कार खडी दिखी। जिसमें कार सवार पुलिस को देखकर वहां से कार स्टार्ट कर भाग खडा हुआ। जिसपर पुलिस को कार सवार पर शक होने पर पीछा कर पुलिस ने कार को कुछ ही दूरी पर घेर घोंट कर रोक लिया। पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर डैसबोर्ड में पन्नी में रखी 980 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद हुई। पुलिस आरोपी को लेकर कोतवाली पहुंची।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान हैरोइन तस्कर ने अपना नाम गुरविन्दर सिंह पुत्र दलवीर सिंह निवासी ग्रामनारली थाना खालड़ा जिला तरण तारण पंजाब बताते हुए खुलासा किया कि वह हैरोइन को पंजाब के नशा तस्कर से हैरोइन खरीदकर रूडकी में बेचने के लिए लाया था। पुलिस द्वारा बरामद की गई हैरोइन की बाजार में कीमत करीब दो करोड़ आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
कप्तान ने बताया कि पुलिस दबोचे गये नशा तस्कर के अपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। वहीं पुलिस गिरफ्त में आये हैरोइन तस्कर से मिली जानकारी के बाद रूड़की के नशा तस्करों को दबोचने के लिए तैयारी कर ली है। जिसके लिए पुलिस टीम गठित करते तस्करों की तलाश की जा रही है।
