♦आरोपी गुरदासपुर के रहने वाले हैं, नकली नोट चलाने के लिए पहुंचे थे हरिद्वार
♦20 हजार में गुरदासपुर से खरीदे थे, 500-500 सौ के 01 लाख के नकली नोट
♦आरोपी 15,500 के नकली नोट बाजार में चलाकर कर चुके थे खरीददारी
♦कोतवाली नगर पुलिस को देर रात क्षेत्र में गश्त के दौरान मिली सफलता
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र से पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान चार संदिग्धों को दबोचा है। जिनकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से 500-500 सौ के 169 नोट बरामद किये है। जिनकी जांच करने पर नोट नकली निकले। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
बता दें कि गत दिनों श्यामपुर पुलिस ने भी नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जिनके पास से एक लाख से भी अधिक 500-500 सौ के नकली नोट व नोट छापने में इस्तेमाल उपकरण बरामद कर चुकी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कोतवाली नगर पुलिस बीती देर रात क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान उप जिला मेला अस्पताल के समीप कुछ संदिग्ध युवक देखे गये। जिनको पुलिस के गश्ती दल ने टॉच की रोशनी के सकेंत देकर रूकने का इशारा किया। लेकिन संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर पुराने औद्योगिक क्षेत्र मार्ग की ओर भाग खडे हुए। जिनपर शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा कर कुछ ही दूरी पर चार संदिग्धों को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि संदिग्धों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से 500-500 सौ के 169 नोट बरामद किये। पुलिस को नोट नकली होने के शक पर जब चारों संदिग्धों को कोतवाली लाकर नोटों की जांच की गई तो नोट नकली निकले। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम सरजीत सिंह पुत्र करनाल सिंह निवासी गीता दावा थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब, टिंकू पुत्र सरजीत सिंह निवासी गीता दावा थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब, सुमित कुमार पुत्र संजीव कुमार निवासी अरोडी मौहल्ला थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब और संजीव कुमार पुत्र रघुवीर सिंह निवासी अरोडी मौहल्ला थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब बताया।
कप्तान ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि गुरदासपुर निवासी एक व्यक्ति ने 20 हजार में 500-500 सौ के 200 नोट यानि एक लाख रूपये खरीदे थे। जिनको असल के रूप में चलाने के लिए हरिद्वार आये थे। उन्होंने 15,500 रूपये के नकली नोट बाजार में चलाकर खरीदारी कर ली। पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने अब प्रकाश में आये नकली नोट के सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
