मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद हरिद्वार में लोगों की जान से खिलवाड करने वाले मालवाहक वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष चेेकिंग अभियान चलाते हुए यात्रियों को ढोने वाले मालवाहन वाहनों के खिलाफ चालान की कार्यवाही की है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। विशेषकर बच्चों को मालवाहक वाहनों में असुरक्षित तरीके से ले जाना उनके जीवन को जोखिम में डालना है। जिसको किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मालवाहनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। एसएसपी के निर्देश पर हरिद्वार यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर रहे वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने तथा ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
