ओवर स्पीड वाहनों के विरुद्ध चलाया जा रहा विशेष चेकिंग अभियान
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज श्यामपुर क्षेत्र में ओवर स्पीड चलने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। तेज गति न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य यात्रियों एवं राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़े हुए यातायात दबाव को देखते हुए सभी वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई।
हरिद्वार पुलिस जनपद में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा। हरिद्वार पुलिस ने सभी वाहन स्वामी एवं चालकों से अपील की है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आ रहे हैं। जिससे सड़क मार्ग पर वाहनों का काफी संख्या में आवागमन बना हुआ है, इसलिए निर्धारित सीमा में ही वाहनों को चलाएं और सुरक्षित अपने गंतव्य को पहुंचे।
