मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से जीवाश्म ईंधनों के न्यूनतम उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु किए गए आह्वान के क्रम में मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी तथा परिवहन मंत्री उत्तराखण्ड प्रदीप बत्रा द्वारा भी प्रदेशवासियों से ईंधन बचत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की गई है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जनपद के अधिकारियों को छोटी दूरी हेतु पैदल अथवा साइकिल का प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया गया तथा स्वयं भी पैदल कार्यालय जाकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। उन्हीं की प्रेरणा से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा द्वारा आज साइकिल से कार्यालय पहुँचकर ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
निखिल शर्मा ने कहा कि छोटी दूरी हेतु साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने जनपदवासियों से भी अधिकाधिक पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।
