♦आरोपियों से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस और तीन चाकू बरामद
♦बाज गैंग के सदस्यों ने भेल क्षेत्र में स्कूटी सवार दो दोस्तों पर की थी फायरिंग
♦एक युवक हाथ में गोली लगने से हुआ था घायल, घायल था गैंग के निशाने पर
♦कोतवाली ज्वालापुर और कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमों में था घायल युवक गवाह
♦इंस्टाग्राम पर बना हैं बाज नाम का ग्रुप, दहशत व वर्चस्व के लिए करता हैं गुंडई
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। शहर में खौफ पैदा करने तथा वर्चस्व स्थापित करने के लिए दो दोस्तों पर फायरिंग कर एक को घायल करने वाले बाज गैंग के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस और तीन चाकू बरामद किये है। बताया जा रहा हैं कि घायल युवक की ओर से कोतवाली नगर और कोतवाली ज्वालापुर मामले में गैंग के झगडों में घायल युवक गवाह था। जिसको लेकर गवाह बना युवक गैंग के निशाने पर था। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया, जबकि दो किशोरों को किशोर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस बात की जानकारी एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आज रोशनाबाद स्थित एसएसपी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि कोतवाली रानीपुर क्षेत्रान्तर्गत 21 अप्रैल 2026 की रात्रि को भेल फाउण्ड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना के सम्बन्ध में 22 अप्रैल 2026 को हन्नी पुत्र टेक चन्द निवासी गली नं0 03 आर्यनगर थाना ज्वालापुर हरिद्वार व उसके दोस्त वंशु पुत्र सुरेन्द्र कुमार निवासी पीठ बाजार ज्वालापुर हरिद्वार ने कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके साथ 8-10 लडकों द्वारा एक राय होकर तमंचे से लैस होकर उनके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट कर जान से मारने की नीयत से कई फायर किये थे। फॉयरिग में एक गोली वंशु के दाहिने हाथ में लगने से गम्भीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आलाधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों को दबोचने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए हमलावरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने 22 अप्रैल की रात को धीरवाली जाने वाली सडक के किनारे स्थित भागोवाली मैदान से पांच संदिग्धों को दबोचा गया, जिनमें दो नाबालिक शामिल थे। पुलिस टीम ने संदिग्धों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस और तीन चाकू बरामद किये। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम फरहान पुत्र फरमान निवासी मौहल्ला कस्सावान निकट इकबाल चाय की दुकान थाना कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार, अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी पुत्र अरूण बक्शी निवासी अहबाबनगर बिष्णुलोक कालोनी रानीपुर हरिद्वार और सागर उर्फ पहाडी पुत्र राजेन्द्र नेगी निवासी चोर गली सुभाषनगर ज्वालापुर हरिद्वार बताया है।
कप्तान ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका इंस्टाग्राम पर बाज नामक ग्रुप है। जिसमें सभी आरोपी जुडे हुये है, बाज गैंग अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिये अवैध हथियारो के साथ लोगो को डराने एवं धमकाने का काम करता है। बाज गैंग के विरूद्ध पूर्व में थाना ज्वालापुर एवं कोतवाली हरिद्वार में लडाई झगडे की शिकायतो के मामलो में घायल वंशु गवाह था, इसी रंजिश एवं अपना वर्चस्व बनाये रखने के लिये 21 अप्रैल की रात्रि को हम पाँचो व हमारे साथी नोमान कुरैशी, सत्यम, उमर गुर्जर, नितिश, मुकुल, भानू प्रताप गोयल फाउण्ड्री गेट पर खडे थे, तभी हमने देखा कि वंशु अपनी स्कूटी से अपने दोस्त हन्नी के साथ विष्णुलोक कालोनी से होते हुये भेल से सिडकुल की तरफ जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने स्वीकार किया कि स्कूटी सवार वंशु और हन्नी को फाउण्ड्री गेट के पास रोका, क्योकि वंशु ने हमारे खिलाफ पहले थाना ज्वालापुर व हरिद्वार कोतवाली में लडाई झगडे के मामले में रिपोर्ट लिखाई थी, जिसमें वंशु गवाह था, इसी के बारे में उससे बात कर रहे थे, इसी दौरान उसके साथ बहस हो गई और झगडा शुरू हो गया। जिसपर गुस्से में फरमान व अनमोल व नितिश ने अपने-अपने तमंचे निकाल दिये और फायर कर दिया। जिसमें से एक गोली वंश के हाथ में लगी और वह घायल होकर गिर गया, फिर हम सभी वहाँ से भाग गये।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। जबकि घटना में शामिल पकडे गये दो नाबालिकों को किशोर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम फॉयरिंग की घटना में शामिल अन्य आरोपियों को दबोचने के लिए उनके सम्भावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करने में जुटी है। जिनको जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
