मुकेश वर्मा
हरिद्वार। उत्तराखण्ड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन बीते रोज आगामी कुंभ मेला-2027 के निर्माण कार्यो का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। इसी दौरान मुख्य सचिव द्वारा कुंभ मेले को दिव्य व भव्य बनाने के लिए विभिन्न संगठनों व जनप्रतिनिधियों की एक बैठक सीसीआर टॉवर सभागार में बुलाई गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप हैं कि उनके द्वारा जनहित के मुद्दो को रखने का प्रयास किया गया। आरोप हैं कि उनको बैठक में बोलने ही नहीं दिया गया।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कांग्रेसी नेताओं के साथ इसी मुद्दे को लेकर आज प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए आरोप लगाया कि मुख्य सचिव द्वारा बुलाई गई बैठक में विपक्षी नेताओं को जनहित के मुद्दो को अनसुना कर दिया गया और अधिकारियों ने उनको बोलने तक नहीं दिया।
कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा ने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड स्थानांतरित नहीं होना चाहिए। जब बस स्टैंड से स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं है तो शासन प्रशासन को किस प्रकार की परेशानी है। बस स्टैंड के पास ही हाईवे भी है और रेलवे स्टेशन भी है। यात्रियों को सब कुछ नजदीक ही मिल रहा है। जनता के हित की बात होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन मेयर अनीता शर्मा ने शासन को अस्पताल के लिए मुफ्त में भूमि दी लेकिन अभी तक अस्पताल में जनता के सुविधानुसार कार्य नहीं हो रहा है। सीवर लाइन की सफाई समय से नहीं होने पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड के बाहर वेश्यावृत्ति बहुत हो रही है। लोगों का शाम को निकलना भी मुश्किल है। कोई आवाज उठाए तो अधिकारी उस पर निजी हित का आरोप लगा देते हैं। सांसद, विधायक आंखे बंद कर बैठे हैं।
पार्षद सुनील, विवेक भूषण विक्की ने कहा कि अर्धकुंभ को कुंभ बताकर बजट का बंदरबांट की तैयारी चल रही है। धार्मिक मान्यताओं के साथ खिलवाड़ हो रहा है। जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे शवों को चूहे कूतर रहे हैं। ज्वालापुर क्षेत्र को कुंभ क्षेत्र घोषित नहीं किया गया है। जबकि कुंभ के बजट के काम किये जा रहे है। ज्वालापुर को भी कुंभ मेले में शामिल किया जाना चाहिए।
पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी ने कहा कि गृहमंत्री के स्वागत के लिए 35 लाख का शौचालय ही तोड़ दिया। भाजपा सरकार बजट को ठिकाने लगाने में लगी हुई है। पूरा शहर खोदकर छोड़ दिया है। चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है। सीवर सफाई भी नहीं की जा रही है। पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार, सुंदर सिंह मनवाल ने कहा कि उनके क्षेत्र में बड़े नाले का कार्य रोक दिया गया है। जिसके कारण लोग समस्याओं में हैं, जनहित के कार्य होने चाहिए।
इस अवसर पर सतेंद्र वशिष्ठ, राजकुमार ठाकुर, नितिन शर्मा, रामकुमार राजपूत, दीपक कोरी आदि उपस्थित रहे।
