♦बिजनेस के नाम पर धोखे में रखकर बनाया था पीडित को अपना शिकार
♦आरोप हैं कि शहर के अन्य लोगों से भी कर चुका 30 लाख की धोखाधडी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पिछले एक साल से फरार चल रहे 20 लाख की धोखाधडी के आरोपी को पुलिस ने सूचना के आधार पर मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुलिस को चकमा देकर एक साल से फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। आरोपी की मथुरा में मौजूदगी मिलने पर पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाये मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच कर हरिद्वार ले आई। पुलिस ने आरोपी को दर्ज मुकदमे में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि गजेन्द्र सिंह नेगी पुत्र अमर सिंह नेगी निवासी शिवलोक कालोनी रानीपुर कोतवाली रानीपुर जिला हरिद्वार ने 12 जून 25 को कोतवाली नगर में तहरीर देकर शिकायत की थी कि संजीत कुमार पुत्र रामपाल मूल निवासी ग्राम नारनौंद थाना नारनौंद जिला हिसार (हरियाणा) द्वारा विजनेस के नाम पर धोखाधडी कर 20 लाख हंडपने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पीडित ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया था कि संजीत ने शहर के अन्य लोगों से भी बिजनेस की आड में धोखाधडी कर 30 लाख हडप चुका है। पुलिस ने आरोपी को दबोचने के लिए उसके सम्बंधित ठिकानों पर छापेमारी की गई। लेकिन आरोपी परिवार के साथ फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस लगातार फरार आरोपी की टोह में लगी रही। पुलिस टीम ने फरार आरोपी को दबोचने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय करते हुए उसकी तलाश जारी रखी।
कोतवाल के अनुसार फरार आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस टीम को आरोपी के बरसान मथुरा यूपी में होने की सटीक सूचना मिली। इस सूचना पर पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाये, पुलिस टीम मथुरा पहुंची और बताये गये स्थल पर छापा मारकर आरोपी को दबोच कर हरिद्वार लाया गया। पुलिस ने आरोपी को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध कर दिया।
