मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोर्ट में गलत शपथ पत्र देकर न्यायालय को गुमराह करने तथा पैसे लेकर मुलजिमों की जमानत लेने वाले चार फर्जी पेशेवर जमानतियों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने फर्जी पेशेवर जमानतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया।
सिडकुल थाना एसओ नितेश शर्मा के मुताबिक रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार में सीजीएम न्यायालय में आज सुनवाई के दौरान सरकार बनाम रोशन लाल प्रकरण में चार व्यक्ति अभियुक्तों की जमानत के लिए न्यायालय में प्रस्तुत हुए। सुनवाई के दौरान एसीजीएम न्यायालय के समक्ष अभियुक्त मुकेश कुमार उर्फ मोनू की ओर से जमानती उज्ज्वल सिंह निवासी ग्राम परखे रेलवे स्टेशन पोस्ट अब्दुल्ला हरिद्वार। अभियुक्त रोशन लाल की ओर से जमानती नरेश प्रताप बहुगुणा निवासी ग्राम परखे रेलवे स्टेशन पोस्ट अब्दुल्ला हरिद्वार एवं नरेश पुत्र चंद्रमण निवासी 746 टाइप-2, सेक्टर-1 भेल हरिद्वार और अभियुक्त राजेश कुमार की ओर से जमानती कमलेश पुत्र देवी सिंह निवासी ग्राम परखे रेलवे स्टेशन पोस्ट अब्दुल्ला हरिद्वार ने ली, उक्त सभी जमानती हरिद्वार क्षेत्र के निवासी बताए गए।
उन्होंने बताया कि न्यायालय के समक्ष यह कथन पेश किया गया कि ये सभी व्यक्ति पेशेवर जमानती हैं, जो विभिन्न न्यायालयों में एक ही समय पर अलग-अलग मामलों में जमानत लेते हैं। न्यायालय में प्रस्तुत कंप्यूटर रिकॉर्ड एवं जांच में पाया गया कि इन जमानतियों द्वारा कई मामलों में जमानत ली जा चुकी है, अपने शपथपत्र में पूर्व में ली गई जमानतों का कोई उल्लेख नहीं किया गया। न्यायालय के समक्ष झूठा शपथपत्र प्रस्तुत किया गया। इस प्रकार जमानतीगण द्वारा न्यायालय को गुमराह कर झूठा शपथपत्र प्रस्तुत करना एक दंडनीय अपराध पाया गया। मामले में थाना सिडकुल में कमलेश, उज्ज्वल सिंह, नरेश व अन्य के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
