♦ई-रिक्शा सत्यापन अभियान प्रगति की समीक्षा, चालकों से किया संवाद
♦परिवहन कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिये निर्देश
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज परिवहन कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग द्वारा ई रिक्शा चालकों के लिए चलाये जा रहे सत्यापन अभियान की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने ई-रिक्शा चालकों को सत्यापन अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया कि ई-रिक्शा चालकों को तथा यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित संचालन एवं यात्रियों की सुरक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि केवल सत्यापित चालक एवं सत्यापित ई-रिक्शा ही सड़कों पर संचालित हों, जिससे अवैध एवं अनियंत्रित संचालन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने परिवहन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए है कि बिना सत्यापन के किसी भी ई रिक्शा का संचालन ना किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सत्यापित ई-रिक्शाओं पर रूट-वाइज रंग-कोडित क्यूआर स्टिकर स्वयं चस्पा किए गए। यह क्यूआर स्टिकर पुलिस द्वारा चालक एवं मालिक सत्यापन तथा आरआई द्वारा वाहन सत्यापन के उपरांत ही जारी किए जा रहे हैं। क्यूआर कोड स्कैन करने पर संबंधित ई-रिक्शा का संपूर्ण सत्यापन विवरण प्रदर्शित होता है। यह अभियान जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा स्वीकृत एसओपी के अनुसार संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ई-रिक्शा संचालन में पारदर्शिता, अनुशासन एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित एवं सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा अभियान को निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में उपस्थित ई-रिक्शा चालकों से भी संवाद करते हुए चलाये जा रहे सत्यापन अभियान के संबंध में जानकारी ली। निरिक्षण के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा सहित सभी कार्मिक उपस्थित भी उपस्थित रहे।
