कम्पनी ड्यूटी से मकान पर लौट रहे कर्मी से झपटा था आरोपियों ने मोबाइल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बाइक सवार मोबाइल झपटमार को दबोच लिया। जिसके पास से सिडकुल क्षेत्र से झपटा गया एक मोबाइल बरामद किया। जबकि आरोपी का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
सिडकुल थाना एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि विशाल गुप्ता पुत्र कमल किशोर गुप्ता निवासी सिसावा रोजा शाहजहांपुर हाल निवासी डेंसो चौक सिडकुल ने थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा था कि शिव शाक्ति कम्पनी सिडकुल में कार्यरत है। दिनांक 18 अक्टूबर 25 को वह कम्पनी से ड्यूटी के बाद अपने मकान डेंसो चौक लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो लडकों ने प्रिंस पाइप कम्पनी मोड पर मोबाइल पर झपटा मारकर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवार दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस बीती देर शाम क्षेत्र में गश्त पर थी, इसी दौरान दवा चौक के पास बरगद के पेड़ के निकट अंधेरे में बाइक सवार दो युवक बैठे दिखाई दिए। जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस के गश्ती दल को उन पर शक होने पर उनका पीछा किया, तभी बाइक फिसलने पर बाइक सवार गिर पडे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को दबोच लिया। जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में कामयाब रहा।
पूछताछ के दौरान दबोचे गये युवक ने अपना नाम रंकू पुत्र जानी पुत्र हरिश्चंद्र, निवासी ग्राम खुवागजीपुर, थाना मंडावर, जिला बिजनौर (उ.प्र.), हाल निवासी काला गेट, रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि उसने अपने फरार साथी कि साथ मिलकर 18 दिसम्बर को प्रिंस पाइप कम्पनी मोड पर मोबाइल झपटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जिसको जल्द दबोच लिया जाएगा।
