■प्रशासन ने व्यापारियों के साथ बैठक कर दी निर्णय की जानकारी
■व्यापारियों ने प्रशासन को सहयोग देने का दिया भरोसा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सिटी मजिस्ट्रेट प्रेम लाल एवं एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में आगामी दीपावली पर्व को देखते हुये पटाखों की बिक्री के सम्बन्ध में व्यापारी के साथ एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यह तय किया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी पटाखों की बिक्री भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नहीं की जायेगी तथा इनकी बिक्री खुले क्षेत्रों में ही की जायेगी। इसके लिये प्रमुख रूप से मोतीचूर मैदान, ऋषिकुल मैदान, रामलीला मैदान, सूखी नदी आदि क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है। बैठक में व्यापारियो ने प्रशासन को व्यवस्था में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे यह सुनिश्चित कर लें कि फायर हाईड्रेंट कहां-कहां हैं, जहां पटाखों की दुकानें लगाई जायेंगी, वहां पानी की पर्याप्त व्यवस्था है तथा फायर की गाड़ी वहां आसानी से पहुंचे एवं उसका रूट एकदम क्लीयर होना चाहिये।
इस अवसर पर सीओ सिटी सुश्री जूही, जिला अध्यक्ष व्यापार मण्डल श्री सुरेश गुलाटी, शहर अध्यक्ष व्यापार मण्डल राजीव पाराशर, विजय वर्मा, राजेश पुरी, आशु वर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारी एवं व्यापारीबन्धु उपस्थित रहे।
