आवास विकास परिषद कॉलोनी के भूखण्ड पर खड़ी की इमारत
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। प्राधिकरण ने एक बार फिर शिवालिकनगर स्थित आवास विकास परिषद कॉलोनी के भूखण्ड पर निर्मित बहुमंजिला इमारत पर सील की कार्रवाई की है। प्राधिकरण टीम का अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ सील की कार्रवाई का क्रम जारी है। प्राधिकरण अब तक कोतवाली नगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन और कनखल में दो निर्माणों पर अनाधिकृत निर्माण मानते हुए सील की कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत निर्माण कराने वालों में हड़कम्प मचा दिया।
प्राधिकरण ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि प्राधिकरण टीम ने आज शिवालिकनगर स्थित आवास विकास परिषद कॉलोनी के भूखण्ड संख्या जे-227 पर आलोक कुमार द्वारा निर्मित बहुमंजिला इमारत को सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण टीम में सहायक अभियंता उमापति भट्ट, अवर अभियंता अनुज सैनी, प्राधिकरण अधिवक्ता गोपाल कृष्ण शर्मा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। एचआरडीए वीसी अंशुल सिंह ने अनाधिकृत निर्माण करने वालो को चेताया हैं कि प्राधिकरण बिना किसी दबाब में आये अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगा।
