ट्यूशन पढ़ाते वक्त छात्र की मां के मोबाइल से की लाखों की खरीदारी
शिक्षिका से ऑनलाइन खरीदे गया लैपटॉप, सोने की चेन आदि बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। ट्यूशन पढ़ाने वाले छात्र की मां के मोबाइल से लाखों की खरीदारी कर फरार होेने वाली शिक्षिका को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने रायवाला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी शिक्षिका के पास से धोखाधड़ी कर लाखों की खरीदारी की गये समान को बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी शिक्षिका को दर्ज मुकदमे में निरूद्ध कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षिका पिछले 2-3 साल से घर में ही पीडिता के बेटे को ट्यूशन पढ़ा रही थी। पीडिता के भतीजे की ओर से मुकदमा दर्ज कराते हुए शिक्षिका फरार चल रही थी।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि प्रीतम गुप्ता पुत्र रामचंद गुप्ता निवासी नन्द विहार कॉलोनी कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार ने 14 सितम्बर 23 को कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उसकी बुआ श्रीमती विमला देवी के घर में रखे बुआ के मोबाइल से उनके एटीएम कार्ड को ऑनलाइन इस्तेमाल करते हुए उनके खाते से 02 लाख 11 हजार 425 रूपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। जिसकी जानकारी बुआ को खाते में एंट्री कराने के बाद पता चली।
उन्होंने बताया कि जिसके सम्बंध में पीडिता द्वारा बैंक से जानकारी जुटाने पर पता चला कि उनके खाते से ऑनलाइन 01-08 अगस्त के बीच खरीदारी की गयी है। जब मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, तो बेटे को घर पर ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका सोनिया दत्ता पर शक पहुंचने पर उनसे जानकारी लेने का प्रयास किया। इसी बीच शिक्षिका सोनिया दत्ता ज्वालापुर का किराये का मकान छोड़कर गायब हो गयी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
उन्होंने बताया कि शिक्षिका की तलाश के लिए रेल चौकी प्रभारी विकास रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने शिक्षिका को दबोचने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम शिक्षिका की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शिक्षिका रायवाला थाना क्षेत्र स्थित हरिपुर कला में किराये पर रह रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने आज किराये के मकान में छापा मारकर आरोपी शिक्षिका सोनिया दत्ता पत्नी मनोज कुमार निवासी जी 5 रामनगर कॉलोनी कोतवाली ज्वालापुर हरिद्वार हाल निवासी गली नंबर 6 वर्तमान मार्केट हरिपुर कला थाना रायवाला जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आरोपी शिक्षिका के किराये के कमरे से धोखाधड़ी कर ऑनलाइन खरीददारी की गये कॉस्मेटिक का सामना, 01 लैपटॉप, माउस, चार्जर, सोने की चेन, एक पेंट और दो टी शर्ट बरामद की है। पुलिस ने आरोपी शिक्षिका को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
