टप्पेबाजों से 02 लाख 33 हजार की नगदी बरामद, अन्य फरार
दिल्ली के टप्पेबाज गिरोह ने दिया था आर्यनगर की घटना को अंजाम
हरिद्वार पुलिस के इनपुट पर दिल्ली क्राइम ब्रांच ने टप्पेबाजों को दबोचा
एसएसपी के आदेश पर हरिद्वार की विशेष पुलिस टीम दिल्ली रवाना
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। प्रॉपर्टी डीलर एवं भाजपा नेता के साथ हुई टप्पेबाजी की घटना को अंजाम देने वाले टप्पेबाज गिरोह के दो सदस्यों को दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम ने हरिद्वार पुलिस के इनपुट के आधार पर गिरफ्तार किया है। जिनके पास से दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम ने 02 लाख 33 हजार की नगदी बरामद की है। आरोपियों ने आर्यनगर ज्वालापुर में टप्पेबाजी की घटना को अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया है। हरिद्वार में हुई टप्पेबाजी की वारदात में शमिल अन्य आरोपी फरार है। जिनकी पुलिस टीम सरगर्मी से तलाश में जुटी है। एसएसपी के निर्देश पर अग्रिम आवश्यक कार्यवाही के लिए हरिद्वार से एक विशेष पुलिस टीम दिल्ली के लिए रवाना किया गया है।

एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने बताया कि 24 अगस्त की दोपहर को प्रॉपर्टी डीलर एवं भाजपा नेता धर्मेंद्र चौधरी निवासी अंबुवाला पथरी हरिद्वार अपने भतीजे शुभम चौधरी के साथ ज्वालापुर स्थित सहकारी बैंक से रकम निकाल कर तहसील में रजिस्ट्री के लिए जा रहे थे। भाजपा नेता आर्य नगर चौक के पास किसी काम के लिए रुके और फिर वहां से तहसील के लिए रवाना हो गये।
उन्होंने बताया कि भाजपा नेता कुछ दूर चले ही थे कि सामने से एक शख्स ने उनकी गाड़ी के बोनट की ओर इशारा किया। जिसपर चाचा-भतीजे ने गाड़ी में कुछ खराबी होने के अंदेशे से गाड़ी रोककर दोनों बाहर निकले और बोनट खोला तो सब समान्य निकाला। जब चाचा-भतीजे गाड़ी में पहुंचे तो नोटो से भरा बैग गायब मिलने से उनके होश उड़ गये। बैग में साढे पांच लाख रूपये मौजूद थे। चाचा-भतीजे ने आसपास बैग उड़ाने वाले की तलाश की, मगर को नजर नहीं आया। भाजपा नेता ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
कप्तान ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पहुंची और घटना की जानकारी आलाधिकारियों को दी। उनके द्वारा टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिये थे। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। सीसीटीवी कैमरे में एक शख्स भाजपा नेता की गाड़ी से नोटो से भरा बैग ले जाते नजर आ रहा है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहे शख्स की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी है।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि मदनगीर नई दिल्ली का एक गिरोह इस तरह की टप्पेबाजी की घटना को अंजाम देता है। हरिद्वार पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों से निकाली गयी वीडियों व फोटों को दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस से साझा करते हुए लगातार उसके सम्पर्क बनाये रही। इसी दौरान हरिद्वार पुलिस टीम को टप्पेबाजों के सम्बंध में अहम जानकारी हाथ लगी। हरिद्वार पुलिस टीम ने टप्पेबाजों के सम्बंध में मिली अहम जानकारी को दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम से साझा की गयी। जिसपर दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम ने दिल्ली के सम्भावित ठिकानों पर छापा मारकर गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि जिनके पास से हरिद्वार में की गयी टप्पेबाजी की घटना से उनके हिस्से में आये 02 लाख 33 हजार की नगदी बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम करण पुत्र कनपुरिया निवासी जेजे कॉलोनी इंद्रपुरी दिल्ली और सूरज पुत्र मारीगा निवासी मदनगीर अम्बेडकर नगर दिल्ली बताते हुए खुलासा किया कि उन्होंने ही अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हरिद्वार में टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया। इस की जानकारी मिलते ही अग्रिम आवश्यक कार्यवाही के लिए हरिद्वार से विशेष पुलिस टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गयी है। पुलिस टीम टप्पेबाजों के फरार अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
