विभिन्न बैंक के 29 एटीएम कार्ड, हजारों की नगदी, दो मोबाइल बरामद
भोले-भाले लोगों को अक्सर शनिवार व रविवार को बनाते थे अपना शिकार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। धोखाधड़ी कर एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से हजारों उड़ाने वाले दो ठगों को ज्वालापुर पुलिस ने क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। ठगों के पास से पुलिस ने विभिन्न बैंकों के 29 एटीएम कार्ड, नगदी, दो मोबाइल और बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि ओम राठौर निवासी आर्यनगर ज्वालापुर और सचिन कुमार निवासी मोहल्ला पांवधोई ज्वालापुर ने कोतवाली ज्वालापुर मंे तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में पीडित ओम राठौर ने कहा गया था कि 02 अगस्त को वह आर्यनगर स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम मशीन पर पैसे निकालने पहुंचा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 85 हजार की नगदी निकाल ली। इसी तरह पीडित सचिन कुमार ने तहरीर में कहा कि 14 अगस्त को वह एटीएम मशीन से पैसे निकालने के लिए इसी दौरान अज्ञात दो युवकों ने मदद करने की बात कहते हुए धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 20 हजार 5 सौ रूपये निकाल लिए।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों पीडितों की तहरीर पर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने एटीएम मशीन पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए दोनों ठगों की तस्वीर निकाल कर उनकी पहचान के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने सूचना पर शुक्रवार को सराय रोड़ ज्वालापुर स्थित एटीएम मशीन के आसपास मंडरा रहे दो संदिग्धों को दबोच लिया। जिनकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से विभिन्न बैंकांे के 29 एटीएम कार्ड, 15 हजार की नगदी, दो मोबाइल और बाइक बरामद की।
एसएसआई ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम पिंटू कुमार पुत्र राजकुमार निवासी महाराणा प्रताप की मूर्ति के पास फेरूपुर पथरी हरिद्वार और शिवम पुत्र जगपाल निवासी ग्राम लाहाक कला मंडावली बिजनौर यूपी बताते हुए खुलासा किया कि वह एटीएम मशीन के आसपास ऐसे लोगों की तलाश में रहते थे। जिनको एटीएम मशीन से पैसे निकालने की कम जानकारी होती थी।
उनको मदद करने के नाम पर धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल कर उनको कुछ ना कुछ बहाना बनाकर भेज देते थे। जिनके जाने के बाद वह उनके एटीएम कार्ड के जरिये उनके खाते से पैसे निकाल लेते थे। आरोपी शनिवार और रविवार को ही भोले भाले लोगों को अपना निशाना बनाते थे। जिससे वह खाते से पैसे निकल जाने की शिकायत बैंक में जाकर ना कर सकें। जिसका लाभ उनको मिल जाता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
