गोली हाथ में लगी, ग्रामीण की हालत खतरे से बाहर
घटना की सूचना पर एसपी देहात, सीओ रूड़की मौके पर पहुंचे
पीडित परिवार की ओर से तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, तलाश जारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। धान कटाई के रेट को लेकर रविवार की शाम को हुए विवाद मेें घेर पर एक ग्रामीण को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। घटना से गांव में हड़कम्प मच गया। घायल को उपचार के लिए उपचार के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। गनीमत रही कि गोली ग्रामीण के हाथ में लगी।
सूचना पर एसपी देहात, सीओ रूड़की समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी लेने के बाद घायल से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। चिकित्सकों ने ग्रामीण खतरे से बाहर बताया है। पुलिस ने पीडित परिवार की तहरीर पर दो नामजद समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली रूड़की प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र प्रभार निहारिका तोमर (प्रशिक्षु आईपीएस) ने बताया कि कोतवाली रूड़की क्षेत्रान्तर्गत बेलड़ा गांव में बीती शाम को एक ही समुदाय के दो पक्षों अनुज व दीक्षित और ग्रामीण महेन्द्र के बीच धान की कटाई के रेट को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा हैं कि अनुज व दीक्षित शाम को ग्रामीण महेन्द्र के घेर पर पहुंचे और उसके द्वारा कम रेट पर धान की कटाई करने से उनको घाटा होने की दलील दी। इसी बात को लेकर विवाद हो गया, इसी दौरान ग्रामीण महेन्द्र का बेटा मौके पर पहुंचा, तो दोनों उस वक्त तो वहां से चले गये। आरोप हैं कि कुछ समय बाद अनुज व दीक्षित अन्य लोगों के साथ दोबारा ग्रामीण महेन्द्र के घेर पर पहुंचे और धान के रेट को लेकर महेन्द्र से भिड़ गये।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान ही किसी ने महेन्द्र पर फॉयर झोंक दिया। गोली हाथ में लगने से ग्रामीण महेन्द्र घायल हो गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। घटना में घायल ग्रामीण को उपचार के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। घटना की सूचना पर एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, सीओ रुड़की पल्लवी त्यागी और व स्वयं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची।
घटना की जानकारी लेने के बाद घायल ग्रामीण का हालचाल जानने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे। जहां पर उसका उपचार चल रहा है, चिकित्सकों ने ग्रामीण की हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने पीडित के परिवार की ओर से अजय और दीक्षित को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और उनके सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना को लेकर गांव में अपनी पैनी नजर बनाये हुए है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि धान कटाई के रेट को लेकर हुए विवाद पर कड़ी नजर रखी जा रही है, जो भी कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








