दो गम्भीर रूप से घायल, एक आईसीयू में भर्ती, कार चालक गिरफ्तार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात क्रिस्टल वर्ल्ड के पास एक इनोवा कार ने छोटा हाथी वाहन को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। घटना में छोटा हाथी वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि दो गम्भीर रूप से घायल हो गये। घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार सवार को कोई चोट नहीं आयी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए नजदीक के निजी हॉस्पिटल भेजा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया। आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बहादराबाद थाना एसओ अनिल चौहान ने बताया कि बीती देर रात एक छोटा हाथी वाहन ज्वालापुर से रूड़की की ओर जा रहा था। जब छोटा हाथी क्रिस्टल वर्ल्ड के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे इनोवा कार चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना में छोटा हाथी में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो घायल हो गये। राहगिरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीक के सूर्य देव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक की शिनाख्त हारून उम्र 38 वर्ष निवासी इमली रॉड रुड़की कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान मौ अकबर पूत्र मौ इकबाल उम्र 40 वर्ष निवासी बन्दा रोड भारत नगर रुड़की कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की हुई है। लेकिन तीसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी है। जिसको आईसीयू में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने मृतक व घायल के परिजनों को सूचित कर दिया। वहीं घटना में इनोवा कार भी क्षतिग्रस्त हो गयी। पुलिस ने कार चालक हरित सिंह पुत्र शीशपाल सिंह उम्र 33 निवासी एच- 113 शिवालिकनगर कोतवाली रानीपुर हरिद्वार को हिरासत में ले लिया। कार चालक को घटना में कोई चोट नहीं आयी है। पुलिस ने गुरूवार को मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों के सुपूर्द कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की ओर से कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
