अंकिता, हेमा, पिंकी, जगदीश, केदार और विपिन हत्याकांड ने किया प्रदेश को शर्मसारः सतपाल
कांग्रेस ने धामी सरकार के पहले साल को बताया हर मोर्चे पर विफल
निर्माण कार्यों में खुलेआम कमीशन खोरी के आरोप खुद भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री ने लगाये
युवाओं का भरोसा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग-लोक सेवा आयोग से उठता जा रहा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जिला एवं महानगर कांग्रेस हरिद्वार के कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी व महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने मीडिया को जारी सयुंक्त बयान में कहा राज्य में पुष्कर सिंह धामी सरकार को फ्लोप पहला साल बताते हुए कहा कि उत्तराखण्ड सरकार की कोई ऐसी उपलब्धि नहीं है, जिस पर प्रदेशवासियों को गर्व हो। भाजपा सरकार ने अपने 1 वर्ष के कार्यकाल में केवल जनता को गुमराह करने, महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी को बढ़ावा देने गरीब मजदूर किसानों, महिलाओं, बेरोजगारों का उत्पीड़न करने के अलावा उनके कल्याण के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल में राज्य में हत्या, चोरी, डकैती, मासूमों से बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने प्रदेश की धामी सरकार से सवाल किया हैं कि ऐसा क्यों है कि आज राज्य में जितने भी अपराध हो रहे हैं, उसमें परोक्ष या अपरोक्ष रूप से भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की संलिप्तता पाई जा रही है?। देहरादून में बेरोजगारों पर निर्मम रूप से लाठी चार्ज करने को यदि भाजपा अपनी उपलब्धि मानती है, तो शायद वह उसका दृष्टि दोष है। प्रदेश भर के निर्माण कार्यों में खुलेआम कमीशन खोरी हो रही है यह आरोपी किसी विपक्षी नेता ने नहीं बल्कि भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ रावत भी लगा चुके हैं। सरकार की उदासीनता के कारण प्रदेश में स्थापित लघु उद्योग और मध्यमवर्गीय उद्योग बंद हो चुके हैं या पलायन करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं लगातार लचर हो रही हैं। जोशीमठ त्रासदी में अभी तक प्रभावित परिवारों के विस्थापन पर कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया है। जौली ग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव कांग्रेस के द्वारा भेजे जाने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी सनातन धर्म का अपमान करते हुए उसे स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर क्यों करना चाहती है?। इस का जबाब देश की जनता को प्रदेश की भाजपा सरकार को देना चाहिए। गन्ना किसानों का पिछला बकाया भुगतान ना करना तथा समर्थन मूल्य में कोई वृद्धि ना करना भाजपा की किसानों के प्रति सोच को उजागर कर रहा है। कहा कि ओलावृष्टि से हरिद्वार जनपद में हुए किसानों के भारी नुकसान पर प्रदेश सरकार अब तक चुप है। सरकार ने अभी तक कोई भी किसानों को राहत देने के लिए ना तो मुआवजे की घोषणा की है और ना ही किसानों की मदद की कोई घोषणा की है। कैग की रिपोर्ट ने तो राज्य सरकार की पूरी कलई खोल कर रख दी है।
आरोप लगाया कि आज प्रदेश के भीतर एंबुलेंस में खनन सामग्री ले जाई जा रही है, शिक्षा के क्षेत्र में हम 35 वें पायदान पर लुढ़क गए, महिला अपराध और हिंसा में हमने 9 हिमालई राज्यों को पछाड़ दिया है। यही प्रदेश में भाजपा सरकार के एक साल की उपलब्धि देखी जा रही हैं, जनता आने वाले निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव में भाजपा को आईना दिखाने का काम करेगी। जिस धर्मांतरण कानून की भाजपा डुगडुगी बजा रही है, वह कानून पहले की सरकारों में भी था, फर्क सिर्फ इतना है कि भाजपा ने सजा की मियाद बढ़ाने का काम किया है। वहीं दूसरी ओर नकल विरोधी कानून बिना दांत और नाखून के कानून है, जोकि सिर्फ और सिर्फ नकल करने वाले अभ्यर्थियों पर ही शिकंजा कसेगा, नकल कराने वाले गिरोह या सिंडिकेट पर उसकी कोई पहुंच नहीं होगी।
राजीव ने कहा कि हाकम सिंह, संजय धारीवाल, नितिन चौहान जैसे लोग आज लगातार जमानत पा रहे हैं, संजय धारीवाल तो अभी तक उत्तराखंड पुलिस की गिरफ्त से दूर है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है, सुनवाई सिर्फ पहुंच वाले रसूखदारों की हो रही है। गरीब जनता के लिए धामी सरकार धृतराष्ट्र बनी बैठी है। जन विरोधी नीतियों की बात करें तो गरीब परिवार की कन्याओं के लिए कांग्रेस ने नंदा देवी, गौरा देवी कन्या धन योजना शुरू की थी। धामी से पहले कि भाजपा सरकारों ने उन दोनों अलग-अलग योजनाओं का एकीकरण कर दी जाने वाली धनराशि में कटौती कर दी और तो ओर इस साल इस योजना के बजट को पिछले साल की तुलना में आधा कर दिया गया है। जो बताता है कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली प्रदेश की भाजपा सरकार बेटियों के प्रति गम्भीर है।
महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने हैरानी जताते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, हेमा नेगी हत्याकांड, पिंकी हत्याकांड, जगदीश आर्य हत्याकांड, केदार भंडारी तथा विपिन रावत हत्याकांड जैसी घटनाओं ने राज्य को शर्मसार करते हुए प्रदेश की जनता को सरकार ने निराश किया है। प्रदेश में गिरती कानून व्यवस्था उजागर होने के साथ-साथ राज्य की अस्मिता पर भी चोट पहुंची है। आरोप लगाया कि राज्य सरकार के कई विभागों में हुए भर्ती घोटालों से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार 1 वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी रही है। श्री ब्रह्मचारी ने कहा कि भाजपा बताए कि आज अंकिता भंडारी हत्याकांड जिसकी वजह से पूरे देश में उत्तराखंड की छवि खराब हुई है। उसमें अभी तक वीआईपी के नाम का खुलासा क्यों नहीं हो सका है ? आज युवाओं का भरोसा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं लोक सेवा आयोग से क्यों उठता जा रहा है ?
