पूछताछ के दौरान कई राज उगले, संजय धारीवाल से तार जुड़े
पेपर लीक प्रकरण में अब तक हो चुकी 36 आरोपियों की गिरफ्तारी
संजय धारीवाल समेत दो अभी भी फरार, एसआईटी तलाश में जुटी
फरारों पर इनाम घोषित कर सम्पत्ति की कुर्की की कार्यवाही प्रचलित
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पेपर लीक प्रकरण में जुटी एसआईटी ने ऊधमसिंह नगर से आईएएस एकेडमी के संचालक को दबोचा है। जिसके तार पेपर लीक प्रकरण के आरोपी संजय धारीवाल से जुड़े थे। पूछताछ के दौरान एकेडमी के संचालक ने कई राज उगले है। बताया जा रहा हैं कि एसआईटी को जेई भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में कई अभ्यार्थियों से लाखों रूपये लेने के साक्ष्य मिले है। जिसके आधार पर एसआईटी ने पूछताछ के बाद उसको गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने बताया कि पेपर लीक प्रकरण की विवेचना में एसआईटी जुटी थी। इसी दौरान टीम ने संदिग्धता के आधार पर ऊधमसिंह नगर स्थित आईएएस एकेडमी के संचालक दीपेन्द्र पंवार से पूछताछ की गयी। पूछताछ के दौरान व अन्य साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी को जानकारी लगी कि दीपेन्द्र पंवार द्वारा पेपर लीक प्रकरण के आरोपी संजय धारीवाल पुत्र सुरेन्द्र के साथ मिलकर जेई भर्ती परीक्षा में छात्र प्रियंका राणा, अंकित सुंदरियाल व वीरेन्द्र को तैयार कर उनसे लाखों रुपये की धनराशी अपने परिचितों के खातों में मंगवा कर जेई भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक किये जाने व षडयंत्र में शामिल होने की पुष्टि हुई। पूछताछ के बाद एसआईटी टीम ने दीपेन्द्र पंवार पुत्र ऋषिकुमार निवासी मुकन्दपुर थाना गदरपुर ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि दीपेन्द्र पंवार ने आरोपी संजय धारीवाल के कहने पर 07 जनवरी 2023 को बिहारीगढ रिजोर्ट में पटवारी-लेखपाल भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र परीक्षा से पूर्व पढाने की भी पुष्टि हुई हैं। जिस आधार पर एसआईटी ने उसके खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
एसएसपी ने बताया कि एसआईटी पेपर लीक प्रकरण में अब तक 36 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि दो आरोपी अभी भी फरार है। जिनपर एसआईटी ने इनाम घोषित कर उनके सम्पत्ति की कुर्की की कार्यवाही प्रचलित है। एसआईटी पटवारी प्रकरण में 07 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत मामला दर्ज किया गया है। जबकि 12 आरोपियों के खिलाफ सप्लिमेंटरी रिपोर्ट के माध्यम से गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। वहीं जेई-एई मामले में 06 के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
