आरोपियों में बच्चे की मां, नाना, खरीददार और बिचौलिया शामिल
पुलिस ने किया मौके से पांच लाख और बच्चा बरामद
आठ लाख में तय हुआ बच्चे का सौदा, पांच लाख दी पेशगी
बच्चे की मां की बुआ फरार, पुलिस तलाश में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने सूचना पर फुटबाल ग्राउंड स्थित दो मंजिला मकान पर छापा मारकर बच्चे की खरीद फरोख्त करते बच्चे की मां, नाना समेत चार लोगों को गिरफतार किया है। पुलिस ने मौके से पांच लाख की नगदी व बच्चा बरामद किया है। जबकि बच्चे का सौदे में अहम भूमिका निभाने वाली एक महिला फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है। बच्चे का सौदा आठ लाख में तय हुआ था और पेशगी पांच लाख दी गयी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस बात की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने रोशनाबाद पुलिस कार्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि कनखल थाने में तैनात उपनिरीक्षक अशुंल अग्रवाल अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ गुरूवार को क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि राज विहार फेस-1 फुटबाल ग्राउंड स्थित दो मंजिला मकान में एक छोटे बच्चे की खरीद फरोख्त की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मारकर एक महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम हर्षी पत्नी पूरण निवासी राजा गार्डन कनखल बताते हुए जानकारी दी कि उसके भाई महादेव पुत्र दीपा निवासी रानी पोखरी देहरादून की शादी हुए 10 साल हो चुके है, जिनके एक लड़की हैं। लेकिन लड़की के बाद ओर कोई संतान नहीं हुई। जबकि भाभी एक लड़का चाहती थी।
एसएसपी बताया कि हर्षी ने अपनी परिचित महिला अन्नू निवासी पाॅउंटा साहिब सिरमौर हिमाचल प्रदेश को अपनी भाभी की मन की बात शेयर की। अन्नू ने उसको बताया कि उसकी एक भतीजी मोनिका पत्नी अर्जुन थापा निवासी बलराम वाली गली फुटबाल ग्राउंड कनखल का तलाक हो चुका है। उसके तीन माह पूर्व लड़का हुआ है, जबकि उसके पूर्व में एक लड़का व लड़की है। वह छोटे बच्चे का लालन पाचन करने में असमर्थ है। इसलिए वह अपना तीन माह का बच्चा बेचना चाहती है। हर्षी ने इस बात की जानकारी अपने भाई महादेव को दी। महादेव बच्चा खरीदने के लिए तैयार हो गया। मोनिका और महादेव के बीच बच्चे का सौदा 8 लाख में तय हो गया। महादेव बच्चा खरीदने के लिए आया था।
उन्होंने बताया कि हर्षी की जानकारी पर पुलिस ने उपरी मंजिल के कमरे में बैठे बच्चे की मां मोनिका, उसके पिता पिंटू पुत्र शंकर निवासी ग्राम खूबखेड़ा पोंटा सिरमोर पाॅउंटा साहिब हिमाचल प्रदेश और खरीददार महादेव को दबोच लिया। पुलिस ने मौके से ही टेबल पर रखे पांच लाख और बच्चा बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान मोनिका ने बताया कि उसक बुआ अन्नू ने ही बच्चे का सौदा 8 लाख में तय कराया था और 5 लाख रूपये एडवास दिये।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने बच्चे की मां मोनिका, नाना पिंटू, बच्चा खरीददार महादेव और बिचैलिये की भूमिका निभाने वाली खरीदार की बहन हर्षी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने फरार बच्चे की मां की बुआ अन्नु के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया हैं जिसकी तलाश की जा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान क्राइम एसपी श्रीमती रेखा यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
