बाइक व स्कूटी सवार चार बदमाशों ने की कौशिश
साइकिल से जा रहा था ट्यूशन, रास्ते में ही उठाया
पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी, नहीं मिला सुराग
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। वैकट हॉल स्वामी के बेटे का साइकिल पर ट्यूशन जाते वक्त दिनदहाड़े बाइक व स्कूटी सवार चार बदमाशों ने अपहरण के प्रयास की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिक बेटे से घटना की जानकारी लेने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस बेटे की जानकारी पर बताये गये रास्तो के सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। लेकिन पुलिस को अभी तक घटना का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई अंशुल अग्रवाल ने बताया कि ज्वालापुर स्थित अनुराग पैलेस के स्वामी अनुराग झा का नाबालिक बेटा शुक्रवार की शाम करीब 3 बजे घर से साइकिल पर पीठ बाजार के पास ट्यूशन पढ़ने जा रहा था, जोकि कक्षा 6 का छात्र है। जिसने कुछ देर बाद घर वापस पहुंचकर सूचना दी कि बाइक व स्कूटी सवार चार बदमाशों ने उसका अपहरण करने का प्रयास किया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र से घटना की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि छात्र ने बताया कि जब वह घर से साइकिल से ट्यूशन के लिए निकला और पीठ बाजार तक पहुंचा। इसी दौरान बाइक और स्कूटी पर चार बदमाश पहुंचे। स्कूटी सवार पीछे बैठे बदमाश ने उसको जबरन रोककर बाइक पर बैठाकर भागने लगे। जबकि स्कूटी सवार ने उसकी साइकिल उठा ली। इसी दौरान कुछ दूरी पर पहुंचने पर बाइक सवारों को एक बाबा को देखकर बाइक रोककर पैर छुने लगे, तभी वह भाग निकला। स्कूटी सवार ने भी उसकी साइकिल छोड़ दी।
पुलिस ने छात्र को साथ लेकर घटना स्थल पर पहुंचकर उससे बाइक पर ले जाने वाले मार्ग की लोकेशन ली गयी। जिसके बाद पुलिस टीम ने घटना स्थल से लेकर छात्र के बताये गये रास्ते के करीब 7-8 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। लेकिन घटना का कोई सुराग तक नहीं मिला। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है।
