अवैध खनन माफियाओं में कार्यवाही से हड़कम्प
माइनिंग क्षे़त्र में अवैध खनन पर लगी रोक
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर बिशनपुर फेरुपुर में सुबह बुग्गी के माध्यम से स्क्रीन प्लांट में अवैध आरबीएम क्रय किए जाने की शिकायत मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियो ने छापेमारी की। प्रशासन की छापेमारी से अवैध खनन माफियाओं में हड़कम्प मच गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी कार्यवाही के दौरान अवैध खनन में लिप्त कई स्क्रीन प्लांट्स को सीज कर दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने अपनी छापेमारी की शुरूआत बिशनपुर स्थित कृष्णा स्क्रीन प्लाण्ट से की गयी। जहां पर टीम ने मौके पर पाया कि स्क्रीन प्लांण्ट बुग्गियों से माल ले रही है तथा परिसर के अन्दर से ही आरबीएम निकाला जा रहा है। टीम ने पूरी जांच के बाद स्क्रीन प्लाण्ट को सीज कर दिया, इसके पश्चात टीम फेरूपुर रामखेड़ा स्थित शाकुम्भरी स्क्रीन प्लाण्ट पहुंची, जहां पर भी स्क्रीन प्लाण्ट द्वारा बुग्गियों से माल लिया जा रहा था तथा परिसर में जगह-जगह गढ्ढे पाये गये। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने जांच के बाद स्क्रीन प्लाण्ट को सीज कर दिया। इस के पश्चात प्रशासनिक अधिकारी कार्यवाही करते हुए बिशनपुर कुण्डी स्थित पंजाब स्क्रीन प्लाण्ट पहुंचें, जहां पर भी स्क्रीन प्लाण्ट द्वारा बुग्गियों के माध्यम से अवैध खनन का माल लिया जा रहा था। टीम ने पंजाब स्क्रीन प्लाण्ट के खिलाफ भी सीज की कार्रवाई गयी।

एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि स्क्रीन प्लाण्ट परिसर में जो माल पाया गया, उसकी नाप करके जुर्माना आरोपित किए जाने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देश हैं कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। जिसके कारण खनन क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगने के साथ ही खनन माफियाओं के हौंसले भी पस्त हुये हैं। उन्होंने बताया कि इधर जेसीबी से खनन किए जाने की कहीं से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है तथा बुग्गी वालों को भी अवैध खनन न करने के लिये सख्त हिदायत दी गयी है। इसके बावजूद भी अगर कोई भी स्टोन क्रेशर बुग्गी से अवैध खनन का माल लेता है, तो सम्बन्धित स्टोन क्रेशर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।
