ऋषिकेश से मामला ट्रांसफर होकर कोतवाली नगर पहुंचा
कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर की जांच शुरू
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र की युवती से पुराने फोटो एडिट कर अश्लील बनाकर ब्लैकमेल करने तथा ऋषिकेश ले जाकर होटल में दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पीडिता ने आरोपी के खिलाफ मुनिकी रेती थाने में तहरीर देकर शिकायत की है। लेकिन मुनिकी रेती पुलिस ने मामला शून्य में दर्ज कर कोतवाली नगर ट्रांसफर किया है। कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि कनखल क्षेत्र निवासी एक युवती ने मुनिकी रेती थाने में तहरीर देकर एक युवक अनुराग चौधरी निवासी विष्णु गार्डन कनखल पर जबरन दुष्कर्म करने तथा शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। मुनिकी रेती पुलिस ने मामले को शून्य में दर्ज कर कोतवाली नगर हरिद्वार ट्रांसफर किया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहरीर में युवती ने आरोप लगाया हैं कि पिछले दो सालों से अनुराग चौधरी उसको कुछ अश्लील फोटो भेज कर ब्लैकमेल कर रहा है। जिसने उसकी पुरानी फोटो को एडिट कर अश्लील फोटो बनाई है। अनुराग चौधरी ने 21 अक्टूबर को फोन कर कहा कि वह उसकी सारी फोटो उसको दे देगा, लेकिन उसके साथ शिवपुरी चलना होगा। अगर उसके साथ शिवपुरी नहीं गयी तो उसकी सारी फोटो उसके परिजनों को भेज देगा। उसकी बातों पर यकीन कर अनुराग चौधरी के कहने पर वह ऋषिकुल हरिद्वार तिराहे पर पहुंची। जहां से अनुराग उसको अपने साथ शिवपुरी ले गया, जहां उसने एक होटल में कमरा लिया।
आरोप हैं कि अनुराग ने उससे केवल बात करने का बहना बनाकर होटल में ले गया, जहां पर जबरदस्ती करने लगा, जिसका विरोध करने पर अनुराग ने उसको धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो उसकी फोटो वायरल कर उसको जान से मार देगा। जिससे घबरा कर वह शोर नहीं मचा सकी और अनुराग ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला की जांच शुरू कर दी है।
