ससुर लगा चुके हैं पुत्रवघु समेत मायके वालों पर मारपीट का आरोप
कोतवाली रानीपुर पुलिस ने क्रास मुकदमा दर्ज कर की जांच शुरू
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। विवाहिता ने पति समेत तीन पर दहेज में तीन लाख की खातिर उत्पीड़न कर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबकि ससुर वहले ही पुत्रवधु समेत दस लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट कर घायल करने का मामला दर्ज करा चुके है। पुलिस ने दोनों ओर से क्रास मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि ज्योति पत्नी मनुदेव वर्मा निवासी शिवलोक कॉलोनी रानीपुर हरिद्वार ने तहरीर देकर शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया हैं कि उसकी विवाह 27 अप्रैल 21 को मनुदेव वर्मा से हुआ था। उसके मायके वालो ने विवाह में 25 लाख रूपये खर्च किये थे। ससुराल पक्ष इतना खर्च होने के बाद भी संतुष्ट नहीं हैं और विवाह के तीन माह बाद से उसके ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में 3 लाख की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे है।
आरोप हैं कि 21 अगस्त 22 की सुबह जब वह घर के काम में व्यस्त थी तभी उसके पति मनुदेव वर्मा, सास संतोष और ससुर रमेश ने दहेज में 3 लाख की मांग को लेकर गाली गलोच कर मारपीट शुरू कर दी। जिसका शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। आरोप हैं कि ससुरालियों ने उसको जान से मारने की धमकी दी है। विवाहिता ने ससुरालियों से अपनी व मायके वालों की जान माल को खतरा बताते हुए ससुरालियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताते चले कि ससुर रमेश निवासी शिवलोेक कॉलोनी रानीपुर हरिद्वार पूर्व में कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर पुत्रवधु समेत उसके मायके के दस लोगों के खिलाफ घर में धुसकर मारपीट करते हुए घायल करने का आरोप लगा चुके है। ससुर ने आरोप लगाया था कि पुत्रवधु ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर उनके साथ गाली गलोच करते हुए मारपीट की थी। जिसमें उसकी पत्नी घायल हो गयी थी। जिसको लिला अस्पताल से उपचार के लिए हॉयर सेंटर रेफर किया गया था। जिसको उपचार निजी हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
