नवोदय नगर में मारपीट मामले में सभासद ने भी मुकदमा कराया
सिडकुल पुलिस पहले ही दो पक्षों की तहरीर पर कर चुकी क्रास मुकदमा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। नवोदय नगर में भूमि विवाद मामले में हुई मारपीट को लेकर सभासद ने सिडकुल में तहरीर देकर एक युवक पर पिस्टल तान कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभासद की तहरीर पर तीसरा मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि नवोदय नगर स्थित स्कूल के पीछे खाली पड़ी भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट मामले मेें पुलिस पहले ही दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रास मुकदमा दर्ज कर चुकी है। इसी मामले में सभासद सिंहपाल सिंह सैनी पुत्र स्व. हुकम सिंह सैनी निवासी सक्षम विहार कॉलोनी नवोदय नगर सिडकुल हरिद्वार ने तहरीर देकर शिवांक निवासी नवोदय नगर सिडकुल के खिलाफ शिकायत की है। तहरीर में कहा गया हैं कि 27 अगस्त की शाम को कुछ लोगों ने फोन कर शिकायत की थी कि शिवांक अपने 8-10 साथियों के साथ लोगों को गाली गलोच करते हुए धमका रहा है।
आरोप हैं कि शिवांक के पास पिस्टल हैं और उसके साथियों के पास लाठी-डण्डे व किक्रेट स्टम्प लिए हुए है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि शिवांक अपने साथियों के साथ मिलकर अतोल गुसाई को नीचे गिराकर पीट रहा था। जब उसने शिवांक और उसके साथियों को समझाने का प्रयास किया। आरोप हैं कि शिवांक ने उसपर पर पिस्टल तान कर जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलोच की। तहरीर में सभासद ने कहा कि शिवांक के पिस्टल तानकर धमकाने से वह घबराकर गिर पड़े। आरोप हैं कि उसके गिरने पर भी शिवांक ने उसके 5-6 लात मारते हुए धमकी देकर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
