पुलिस 15 नामजदों में चार को गिरफतार कर भेज चुकी जेल
एसएसपी ने पांच को शातिर मानते हुए लिया ईनाम देने का फैसला
आरोपियों की गिरफतारी़ के लिए तबडतोड़ छापेमारी जारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को एक सप्ताह से गच्चा देकर बच कर फरार चल रहे खन्ना नगर फॉयर प्रकरण के आरोपियों के खिलाफ एसएसपी ने बड़ा फैसला लिया है। खन्ना नगर में दिनदहाड़े फॉयर प्रकरण मामले में फरार 11 नामजद आरोपियों में से पांच को शातिर मानते हुए उनकी गिरफतारी पर एसएसपी ने दस-दस हजार का ईनाम देने की घोषणा की है।
जबकि ज्वालापुर पुलिस फॉयर प्रकरण मामले में मुख्य आरोपी विष्णु अरोड़ा के भाई समेत चार आरोपियों को गिरफतार कर जेल भेज चुकी है। जबकि पीडित की ओर से 15 आरोपियों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि खन्ना नगर निवासी भाजपा कार्यकर्त्ता दीपक टंडन ने एक सप्ताह पूर्व दर्जनों युवकों ने लाठी-डण्डे, तलवार व पिस्टल लेकर हमलाकर फॉयर करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पीडित ने हमला करने वाले मुख्य आरोपी विष्णु अरोड़ा समेत 15 युवको को नामजद व 30 अन्य अज्ञात के खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए चार आरोपियों को गिरफतार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि 11 नामजद व 30 अज्ञात अभी भी फरार है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने 11 नामजद में पांच आरोपियांे को शातिर मानते हुए उनपर दस-दस हजार का ईनाम की घोषणा की है। जिनमें मुख्यारोपी विष्णु अरोड़ा निवासी गली नम्बर 05 खन्ना नगर ज्वालापुर, नोनि पावेल निवासी एसबीआई एटीएम वाली गली बाल्मिकी बस्ती कनखल, कुन्नु पहाड़ी उर्फ कुल्लु ठाकुर निवासी जगजीतपुर कनखल, श्रेय शास्त्री निवासी रामघाट बड़ी सब्जी मण्डी के समीप कोतवाली नगर हरिद्वार और लक्की भदौरिया निवासी पेट्रॉल पम्प के समीप जगजीतपुर कनखल शामिल है।
