पुलिस से शिकायत पर दी जा रही जान से मारने की धमकी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कमेटी पूरी होने के बाद भी कमेटी संचालक द्वारा लोगों के कमेटी के 80 लाख 10 हजार रूपये न देने तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीडित की ओर से कमेटी संचालक के खिलाफ सिड़कुल में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि अभिषेक चौहान पुत्र अमरपाल चौहान निवासी रोहालकी किशनपुर बहादराबाद हरिद्वार ने तहरीर देते हुए शिकायत की है कि उसने और उसके परिचितों ने एक कमेटी सत्यप्रकाश शर्मा पुत्र मनु निवासी दर्शन नगर रामधाम कॉलोनी रावली महदूद सिडकुल के पास डाली थी। कमेटी दो सालों से चल रही थी। कमेटी में उसके 10 लाख 10 हजार, परिचितों दीपिका चौहान पत्नी नवीन चौहान निवासी सलेमपुर महदूद रानीपुर के 15 लाख, कृष्ण पाल सिंह चौहान पुत्र मेघ सिंह चौहान व उसके भाई राजेश चौहान और उनके बेटे आकाश चौहान के कुल 55 लाख जमा हुए थे।
कमेटी 20 जून 22 को पूरी हो चुकी है। लेकिन कमेटी संचालक सत्यप्रकाश शर्मा उनके जमा किये गये पैसे वापस नहीं दे रहा है। जोकि आज—कल करते हुए टाल रहा है। जब दबाब डाला गया तो कमेटी संचालक ने उनके पैसे देने से इंकार कर दिया और धमकाया कि अगर उसकी शिकायत पुलिस से की गयी तो जान से मार देगा। पीडित ने तहरीर में कहा हैं कि उसके व परिचितों के सत्यप्रकाश शर्मा ने 80 लाख 10 हजार रूपये हड़प लिये है, जोकि देने से इंकार कर रहा है। पुलिस ने पीडित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
