
आठ मंत्रियों ने भी ली शपथ, मंत्रीमंडल में तीन नये चेहरे शामिल
लीना बनौधा
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के 12 वें मुख्यमंत्री के तौर पर आज शपथ ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर पुष्कर सिंह धामी ने दूसरी पर मुख्यमंत्री की शपथ ले ली। जिनके साथ आठ मंत्रियों को भी राज्यपाल ने शपथ दिलाई। नई कैबिनेट में पुराने और नए चेहरों का मिश्रण किया गया है। पुष्कर सिंह धामी के नये कैबिनेट मंत्रीमण्डल में पुराने पांच मंत्रियों को फिर से दोबारा रिपीट किया गया है। पिछले विधानसभा अध्यक्ष रहे प्रेमचंद्र अग्रवाल को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है। नए चेहरों के रूप में सौरभ बहुगुणा और चंदन राम दास को भी कैबिनेट में शामिल किया गया है।
पिछली बार जब श्री धामी ने शपथ ली थी तो उनके साथ 11 विधायक मंत्री बनाए गए थे। इन 11 में से दो मंत्री हरक सिंह रावत और यशपाल आर्य पार्टी छोड़कर कांग्रेस में जा चुके है। बाकी नौ मंत्रियों में से स्वामी यतिश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण सीट से चुनाव हार चुके है। आठ मंत्रियों में से पांच को इस बार भी जगह मिली है। जिनमें रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, सतपाल महाराज और धन सिंह रावत शामिल हैं।
जबकि तीन मंत्रियों अरविंद पांडेय, बिशन सिंह चुफाल और बंशीधर भगत को नई कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। इनकी जगह तीन नए चेहरों को मंत्रिमंडल का हिस्सा बनाया गया है। जिनमें पिछली विधानसभा के अध्यक्ष रहे प्रेमचंद अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे सौरभ बहुगुणा और रेखा आर्या हैं। जिनमें सौरभ बहुगुणा सितारगंज से जीतकर लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। सौरभ के दादा हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। वहीं बागेश्वर से जीते चंदन राम दास लगातार चौथी बार विधायक बने हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट में शामिल सभी मंत्री करोड़पति हैं। पहली बार मंत्री बनाए गए चंदन राम दास के पास सबसे कम 1.24 करोड़ रुपये की संपत्ति है। सबसे कम संपत्ति वाले मंत्रियों में सुबोध उनियाल दूसरे और धन सिंह रावत तीसरे नंबर पर हैं। उनियाल के पास कुल 1.61 करोड़ रुपये और धन सिंह रावत के पास 2.67 करोड़ रुपये की संपत्ति है। सबसे अमीर मंत्री चौबट्टाखाल से जीते सतपाल महाराज हैं। महाराज के पास कुल 87.34 करोड़ रुपये की संपत्ति हैं। कैबिनेट की इकलौती महिला मंत्री रेखा आर्य के पास 25.20 करोड़ रुपये की संपत्ति है। रेखा सबसे अमीर मंत्रियों में दूसरे नंबर पर हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पास 3.34 करोड़ रुपये के संपत्ति है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल नितिन गडकरी, मीनाक्षी लेखी, विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर, असम के सीएम हिमंत बिस्वा मौजूद रहे।