कार से बरामद हुआ देशी शराब का जखीरा, चालक गिरफ्रतार
चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों को कर रही थी शराब सप्लाई
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने रविवार की रात खास सूचना पर चैकिंग अभियान के दौरान सफेद रंग की कार से भारी मात्रा में देशी शराब का जखीरा बरामद करते हुए चालक को गिरफ्रतार किया है। पुलिस के मुताबिक शराब चुनाव में बांटने के लिए लायी जा रही थी। पुलिस ने कार से 64 पेटी देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया और कार को सीज किया गया है।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने बताया कि पुलिस को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों को सफेद रंग की कार से शराब सप्लाई की जा रही है। जिसकी तलाश में ज्वालापुर पुलिस जुटी थी, लेकिन पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही थी। पुलिस को मुखबिर खास से बीती देर रात सफेद रंग की कार के सम्बंध में अहम जानकारी लगी कि कार भारी मात्रा में देशी शराब लेकर ज्वालापुर क्षेत्र में पहुंच रही है। इसी सूचना पर पुलिस सर्तक हो गयी और रेेगुलेटर पुल पर चैकिंग अभियान शुरू कर दिया।
इसी दौरान सफेद रंग की कार आती नजर आयी। पुलिस ने चालक को कार रोकने का इशारा किया, तभी चालक कार को छोड कर भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने चालक को दबोच लिया। पुलिस ने कार से 64 पेटी देशी शराब की बरामद की। पुलिस कार में लदी शराब व चालक को लेकर कोतवाली पहुंची। जहां पर पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम हरि शंकर उर्फ छोटू पुत्र किशनलाल निवासी जग्गू घाट लाल मंदिर ज्वालापुर हरिद्वार बताया है। लेकिन आरोपी ने शराब डिलिवरी लेने वाले शख्स व पार्टी का नाम नहीं बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
