रानीपुर पुलिस-सीआईयू टीम ने मारा छापा, मिली 70 पेटी शराब
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चुनाव में बांटने के लिए लायी गयी अंग्रेजी व देशी शराब के जखीरे को रानीपुर पुलिस और सीआईयू की सयुंक्त टीम ने देर रात चैकिंग के दौरान सूचना पर क्षेत्र से बरामद किया है। जबकि शराब की जखीरे की चौकीदारी कर रहा शख्स अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने शराब के जखीरे को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर सीआईयू और पुलिस की सयुंक्त टीम बीती रात बैरियर नम्बर 6 पर चैकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मिलिट्री फार्म के समीप पेड के नीचे चुनाव में बांटने के लिए भारी मात्रा में अंग्रेजी व देशी शराब रखी हुई है। शराब को दूसरी जगह शिफ्रट करने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर सयुंक्त टीम ने बताये गये स्थल पर छापामार कार्यवाही की गयी। पुलिस की कार्यवाही को देखते ही शराब की निगरानी कर रहा शख्स अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
टीम ने पेड़ के नीचे बने चबूतरे की आड़ मे काली रंग की प्लास्टिक की पन्नी से कुछ सामान ढका दिखाई दिया, प्लास्टिक की पन्नी हटाने पर कुल 70 पेटी जिनमें 63 पेटी पिकनिक देसी और 7पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिये है। टीम में कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, सीआईयू हरिद्वार प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट, गैस प्लांट चोकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी, सुमननगर चौकी प्रभारी इंदर सिंह गढिया, उपनिरीक्षक सीआईयू हरिद्वार रंजीत कुमार आदि मौजूद रहे।
