करोड़ों की भूमि जबरन अपने नाम करवाने में था नामजद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। करोड़ों की भूमि पर गिद्ध दृष्टि लगाकर जबरन अपने नाम करवाने में नामजद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भू-माफिया को एसआईटी टीम ने गुरुग्राम से गिरफ्रतार कर लिया। भू-माफिया के खिलाफ डीजीपी के आदेश पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। भू-माफिया की गिरफ्रतारी की जानकारी पर मेरठ पुलिस व यूपी एसआईटी टीम ने भी कोतवाली ज्वालापुर पहुंचकर भू-माफिया से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद मेडिकल करवाते हुए उसको न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत जुर्स कंट्री के पास करोड़ों रुपए की 56 बीघा जमीन के मालिक दिल्ली निवासी गिरधरी लाल चावला ने यशपाल तोमर निवासी बागपत उत्तर प्रदेश के खिलाफ जबरन जमीन को अपने नाम करवाने के लिए दबाव बनाने का मुकदमा दर्ज कराया था। भू-माफिया पर मुकदमा डीजीपी अशोक कुमार के आदेश पर वर्ष 2021 में दर्ज किया गया था। जिसकी जांच का जिम्मा एसआईटी टीम को सौंपा गया था। एसआईटी टीम ने जांच के बाद भू-माफिया यशपाल तोमर की गिरफ्रतारी के प्रयास करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई ठिकानों पर छापेमारी करते हुए दबोचने का प्रयास किया। लेकिन भू-माफिया एसआईटी टीम को गच्चा देकर बच निकलने में कामयाब रहा।
बताया जा रहा हैं कि भू-माफिया के उत्तर प्रदेश पुलिस में भी गहरे संबंध् होने के कारण एसआईटी को उसकी गिरफ्रतारी में सफलता नहीं मिल पा रही थी। इसी बीच एसआईटी टीम को भू-माफिया यशपाल तोमर के गुरुग्राम में होने की सूचना मिली। जिसपर एसआईटी टीम ने बिना वक्त गंवाये गुरुग्राम में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्रतार कर लिया। एसआईटी टीम ने आरोपी को ज्वालापुर कोतवाली के सुपुर्द कर दिया। उत्तर प्रदेश पुलिस व एसआईटी टीम भी भू-माफिया की करोड़ों की भूमि हथियाने के मामले में तलाश थी। यशपाल तोमर के पकड़े जाने की सूचना पर उत्तर प्रदेश की पुलिस व यूपी एसआईटी ने भी ज्वालापुर कोतवाली पहुंच कर यशपाल तोमर से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि भू-माफिया यशपाल तोमर के खिलाफ जबरन जमीन नाम करवाने का कनखल क्षेत्र में रहने वाले उद्योगपति तोष कुमार जैन ने कनखल थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भू-माफिया ने अपने संबंधों का फायदा उठाते हुए किसी मामले में राजस्थान पुलिस के जरिए तोष कुमार जैन व उनकी पत्नी मोनिका जैन की गिरफ्रतारी दिल्ली से लौटते हुए उत्तर प्रदेश में करवा कर जेल भिजवा दिया था। तोष कुमार जैन की उत्तरी हरिद्वार में करोड़ों की कीमत की जमीन है। भू-माफिया ने उद्योगपति के कनखल स्थित घर पहुंच कर जमीन का कुछ हिस्सा जबरन हिंदूवादी संगठन से जुड़ी साध्वी के नाम करने के लिए दबाव बनाया था। कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने बताया कि एसआईटी ने भू-माफिया यशपाल तोमर को गुरूग्राम से गिरफ्रतार कर ज्वालापुर पुलिस के सुपूर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

