भाजपा ने फूंका अगामी विधानसभा चुनाव प्रचार का बिगुल
विजय संकल्प यात्रा के जरिये भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई
लीना बनौधा
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुवाई में हरिद्वार से आज भाजपा ने विजय संकल्प यात्रा की शुरूआत की। इसी के साथ ही भाजपा ने उत्तराखंड में 2022 में होने वाले चुनावों को लेकर अपना प्रचार शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर जो राजनीतिक दल जनता को गुमराह कर डराने का काम रहे थे, उन्हें अब देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण ही विश्व स्तर पर भारत में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन का काम किया गया। देश में 135 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को हरिद्वार में विजय संकल्प यात्रा का शुभारम्भ के दौरान सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद करीब दो घंटे के रोड शो में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। साथ ही भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई। गढ़वाल के लिए विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत की गई, जबकि कल कुमाऊं में यह विजय संकल्प यात्रा निकाली जाएगी, शनिवार को पंतद्वीप से शुरू होकर शिवमूर्ति चौक से पहले हिमालय डिपो के पास नड्डा संबोधन कर रोड शो का समापन कर रवाना हो गए। शहर के भीतर जगह-जगह फूल बरसाकर रोड शो का स्वागत किया गया। विजय संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित रोड शो में श्री नड्डा ने विरोधी दलों पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जो नेता वैक्सीनेशन को लेकर भ्रमित प्रचार कर रहे थे, उन्हीं से आज हम पूछते हैं कि क्या उन्होंने वैक्सीनेशन करा लिया है। कहा कि कोरोनाकाल के दौरान नौ माह के अंदर प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करके एक के बजाय दो टीके तैयार कराए। जिनसे आज देशवाशी सुरक्षित हैं। कथित नेताओं ने इसे मोदी वैक्सीन कहकर लोगों को डराने का काम किया। आज उन्हें देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। कहा कि एक नेता तो मोदी से वैक्सीन का ही फार्मूला मांगने लगे। ऐसे नेता को क्या समझाएं कि फार्मूला किसे दिया जाता है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चैबंद रही।
पंतद्वीप मैदान से विजय संकल्प यात्रा का शुभारंभ हुआ जोकि भीमगोड़ा बैरियर, हरकी पैड़ी से होते हुए अपर रोड, पोस्ट ऑफिस से सीधा वाल्मीकि चैक होकर ललतारो पुल पर पहुंची। यहां से कुछ दूरी पर ही हिमालय डिपो के पास श्री नड्डा सम्बोधन के बाद कार में बैठकर वहां से रवाना हो गए। विजय संकल्प यात्रा के नाम से निकाले गए रोड शो में नड्डा के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, सांसद प्रदीप टम्टा, ज्योति प्रसाद गैरोला समेत कई अन्य नेता शामिल रहे।



