पुरानी रंजिश के चलते घर पर फायरिंग का आरोप
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने एक युवक के घर पर फायरिंग मामले में अधिवक्ता के बेटे समेत दो को गिरफ्रतार किया है। जबकि इस मामले में तीन फरार बताये जा रहे है। अधिवक्ता के बेटे पर अपने दोस्तों के साथ सुमन विहार कॉलोनी में एक युवक के घर पर गुरूवार की रात फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हर्षदीप मलिक पुत्र राजकुमार मलिक निवासी सुमन विहार जगजीतपुर कनखल के घर पर गुरूवार की रात को फायरिंग मामले में कनखल पुलिस ने युवक के पिता राजकुमार की तहरीर पर अधिवक्ता के बेटे सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप हैं कि पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए गाली गलोच कर धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गये थे। बताया जा रहा हैं कि फायरिंग की घटना में हर्षदीप की मां बाल-बाल बच गयी।
आरोप हैं कि गुरूवार को हर्षदीप की कार को बाइक सवार अधिवक्ता के बेटे ने रोकने का प्रयास किया था। लेकिन हर्षदीप ने कार नहीं रोकी और मौके से कार को भगा लिया। बताया जा रहा हैं कि इसी घटना में अधिवक्ता का बेटा चोटिल हो गया था। आरोप हैं कि इस घटना से खफा अधिवक्ता के बेटे ने अपने दोस्तों मिक्की, रिषभ, निखिल पंवार और नीशू चौहान के साथ हर्षदीप के घर पहुंचकर फायरिंग की थी।
घटना के सम्बंध् में हर्षदीप के पिता राजकुमार मलिक पुत्र कालू सिंह ने कनखल थाने में तहरीर देकर अधिवक्ता समेत पांच युवकों के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अधिवक्ता के बेटे समेत नीेशू चौहान निवासी नूरपुर पंचनहेडी कनखल को गिरफ्रतार कर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। कनखल सहायक प्रभारी दीपक कठैत ने बताया कि युवक के घर पर फायरिंग मामले में अधिवक्ता के बेटे समेत दो को गिरफ्रतार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
