
■डीएम व एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना का लिया जायजा
■घटना के मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिये, मृतको के परिवार में मचा कोहराम
■सीएम ने घटना पर दुख जताते हुए दिये मृतक आश्रितों को दिये 2-2 लाख
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। मंगलौर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लहबोली में मंगलवार की सुबह ग्राम लहबोली स्थित सानवी ईंट भट्ठे की दीवार गिरने तथा मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। सूचना पर डीएम, एसएसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन के जरिये मलबे दबे मजदूरों और एक घोडे को बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा हैं कि घटना में पांच मजदूरों और घोडे की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि तीन घायल मजदूरों को उपचार के लिए रूड़की के विनय विशाल हॉस्पिटल भेजा गया। जहां पर घायल एक मजदूर ने भी दम तोड़ दिया। जबकि दो मजदूरों की हालत गम्भीर बनी हुई है। डीएम ने घटना के मजिस्ट्रेट जांच के आदेश देते हुए घायलो के उपचार अच्छे से करने के निर्देश दिये है। वहीं मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए मृतको के आश्रितों को दो-दो लाख देने की घोषणा की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कंट्रॉल रूम को आज सुबह सूचना मिली कि मंगलौर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लहबोली स्थित सानवी ईंट भट्ठे की दीवार गिर गयी। जिसके मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की जानकारी दी गयी। घटना से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। सूचना पर डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी प्रमोद डोबाल समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। जेसीबी मशीन के जरिये भट्टे की गिरी दीवार का मलबा हटवाया गया। मलबे से पांच मजदूरों के शव बरामद हुए, जबकि तीन घायल मजदूरों को उपचार के लिए तत्काल रूडकी के विनय विशाल हॉस्पिटल भेजा गया। जहां पर एक और मजदूर की मौत हो गयी। जबकि गम्भीर दो घायलो को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया।

मृतकों की पहचान मुकुल पुत्र सुभाष उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम उदलहेडी थाना कोतवाली मंगलौर, साबिर पुत्र महबूब उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम मिमलाना जनपद मुजफ्फरनगर यूपी, अंकित पुत्र धर्मपाल उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम उदलहेडी थाना मंगलौर हरिद्वार, बाबूराम पुत्र कालूराम उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम लाहबोली थाना कोतवाली मंगलौर हरिद्वार, जग्गी पुत्र बिसम्बर उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम पिन्ना जनपद मुजफ्फरनगर और समीर पुत्र महबूब निवासी ग्राम मिमलाना जनपद मुजफ्फरनगर यूपी के रूप में हुई है। जबकि घायलो की पहचान रवि पुत्र राजकुमार उम्र 30 वर्ष निवासी बड़ौत जनपद बागपत और इंतजार पुत्र लतीफ उम्र 25 वर्ष निवासी डांगेड़ा जनपद सहारनपुर के तौर पर हुई है।

डीएम और एसएसपी ने हॉस्पिटल पहुंचकर घायलो के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिकित्सको की जानकारी लेते हुए उनके उपचार अच्छे से करनेे के निर्देश दिये है। डीएम ने घटना के मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिये गये है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख देने की घोषणा की गयी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।