कुंभ के 86 कार्यों में से अधिकांश कार्य हुए पूर्ण सीएम ने दिये समय पर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश मुख्यमंत्री का हरिद्वार में निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण
लीना बनौधा
हरिद्वार। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुम्भ पूरी तरह से बेदाग होगा। देश और दुनिया से जो श्रद्धालु यहां आएंगे हमारी सरकार उनकी हर अपेक्षा और आशंका पर पूर्ण रूप से खरी उतरेगी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने लालतप्पड़ फ्लाई ओवर के साथ ही कुंभ मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्य सुव्यवस्थित तरीके से किये जा रहे हैं और अपूर्ण कार्यों को समय पर पूरे करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, मुख्य सचिव ओमप्रकाश व अन्य अधिकारियों के साथ सड़क मार्ग से हरिद्वार पहुंचे। रास्ते में निर्माण कार्यों के निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने लालतप्पड़ फ्लाई ओवर से की। हरिद्वार पहुंचकर उन्होंने खड़खड़ी स्थित सुखी नदी पुल, आस्था पथ, गौरीशंकर द्वीप, बैरागी कैम्प पुल, रानीपुर झाल पुल और चौघरी चरण सिंह घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न निर्माण कार्यों में आ रही दिक्कतें और उनके पूरा होने के समय को लेकर जानकारी ली। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। मेलाधिकारी दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को इस संबंध में विस्तार से अवगत कराया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में कुल 86 निर्माण कार्य स्वीकृत थे जिनमें से दो बाद में निरस्त किये गए थे। शेष 84 में से अधिकाशं कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। सभी कार्य बढ़िया और व्यवस्थित तरीके से किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना का संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। कोरोना अब नए स्ट्रेन में संक्रमित हो रहा है। ऐसे में कुम्भ को दिव्य और भव्य के साथ सुरक्षित बनाना भी राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। इसके लिये केंद्र सरकार ने गाइडलाइन एसओपी जारी की है। एसओपी के मुताबिक ही कोरोना से बचाव के अनुकूल कुंभ की व्यवस्थाएं होंगी। कुंभ में श्रद्धालुओं को स्वच्छता, आस्था, धार्मिक परम्पराएं व लोक संस्कृति देखने को मिलेगी। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कुंभ का आयोजन पूरे उत्साह और उमंग के साथ किया जाएगा। निरीक्षण से पूर्व मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम ज्वालापुर द्वारा शुरू किये जा रहे स्वामी रामप्रकाश धमार्थ चिकित्सालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। चिकित्सालय का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंदों के लिए ट्रस्ट की ओर से किये गये सेवार्थ कार्य सराहनीय हैं। ट्रस्ट की ओर से प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार के चिकित्सालय चलाये जा रहे हैं। उन्होंने इस निशुल्क चिकित्सालय को जनता और संत समाज को समर्पित करने के लिए ट्रस्ट को शुभकामनायें दी और आभार जताया।
