

विजय दिवस समारोह कार्यक्रम का आयोजन
अशोक वर्मा/ हरीश संतवानी
हरिद्वार। विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय हरिद्वार द्वारा आडिटेरियम हाॅल ऋषिकुल महाविद्यालय हरिद्वार में विजय दिवस समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत जिलाधिकारी दीपक रावत एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमाण्डर से0नि0 एके चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके उपरांत युद्ध में शहीद सैनिकों के सम्मान में दो मिनट का मौन धारण किया गया। इस अवसर जिलाधिकारी दीपक रावत ने शहिदों को नमन करते हुये कहा कि आप और हम इस शक्तिशाली राष्ट्र के नागरिक है। इसमे उत्तराखण्ड का विशेष योगदान है उत्तराख्ण्ड के हर घर और हर परिवार से सैनिक है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रति हमारी क्या जिम्मेदारी है इसे समझना होगा, शहिद सैनिकों के परिवारों के दर्द को समझना होगा। उन्होंने कहा कि अगर आप कमजोर की मद्द कर सकते है तो इससे बडा सुख और कोई नही है। हमारा देश आज दुनिया का अग्रणी राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि सभी को देश एवं सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए। सैनिकों के बलिदान की तुलना किसी से नहीं की जा सकती है। हमारा कत्र्तव्य है कि जो सैनिक राष्ट्र रक्षा में अपना सर्वस्व बलिदान करते हैं उनके परिवार के हितों का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास रहता है कि सैनिकों के हर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा कोई भी सैनिक, पूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित अपने अपने किसी भी कार्य के लिए उनसे निजी रूप से कभी भी मिल सकते हैं। विजय दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा वीरता पदक धारक सैनिकों, वीर नारियों एवं युद्ध विकलांग सैनिकों को शाॅल भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमाण्ड एके चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान पर 1971 के युद्ध मे मिली जीत ऐतिहासिक जीत थी, जिसने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी थी और दुनिया के नक्शे पर एक नये राष्ट्र बांग्लादेश का उदय हुआ। इस अवसर पर उन्होने आर्मी के बलिदान एवं बहादुरी को भी विस्तार से बताया। श्री चौधरी ने जिले के प्रशासन द्वारा किये जा रहे कार्यो की भी प्रंशसा की। साथ ही केन्द्र एवं राज्य द्वारा सैनिको के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सूचना विभाग उत्तराखण्ड द्वारा पंजीकृत दल द्वारा नृत्य नाटिका का मंचन भी किया गया। इस अवसर पर मेजर विकास सहगल, मेजर सुजाता सहगल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रिद्धिम अग्रवाल, एडीएम वित्त ललित नारायण मिश्र, एडीएम प्रशासन भगवत किशोर मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट नूपूर वर्मा तथा बडी संख्या में भूतपूर्व सैनिक उनके परिवार जन एवं स्कुली बच्चे उपस्थित थे।
