
आदर्श आचार संहिता का हुआ उल्लंघन
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा व काग्रेंस प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ अपना नामकंन दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार अन्नू कक्कड़ ने अपर जिलाधिकारी भगवत किशोर मिश्रा के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। नामांकन पत्र दाखिल करते समय अन्नु कक्कड़ के साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद रमेश पोखरियाल निशक, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, भाजपा के जिला अध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, महामंत्री विकास तिवारी, पूर्व मेयर मनोज गर्ग सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा के मेयर प्रत्याशी अन्नु कक्कड़ के प्रस्तावक पूर्व मेयर मनोज गर्ग बने, नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि शहर का विकास करना हमारी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा मदन कौशिक अन्नु कक्कड की जीत से आश्वस्त नजर आए। अन्नु कक्कड़ के नामांकन पत्र दाखिल करते वक्त आदर्श आचार संहिता का भी उल्लंघन देखने को मिला धारा 144 लागू होने के बावजूद भी दर्जनों कार्यकर्ता की भीड़ अपर जिलाधिकारी भगवत किशोर मिश्रा की चेंबर में घुस गई, जबकि केवल 5 आदमियों की अनुमति नामांकन पत्र दाखिल करते वक्त प्रत्याशी के साथ पहुंचने की है। इसके अलावा कलेक्ट्रेट परिसर में पार्षदों पद के प्रत्याशियों के द्वारा भी आचार संहिता का उल्लंघन किया गया और जमकर नारेबाजी की गई। शिवालिक नगर पालिका काग्रेंस से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राणा महेश प्रताप सिंह ने उप जिलाधिकारी मनीष कुमार सिंह के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं कांग्रेस की मेयर पद की प्रत्याशी अनीता शर्मा ने भी अपने समर्थकों के साथ अपना नामांकन पत्र अपर जिलाधिकारी भगवत किशोर मिश्रा के समक्ष दाखिल किया। इस मौके पर प्रत्याशी अनीता शर्मा के साथ पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, संजय पालीवाल, अशोक शर्मा, विकास चौधरी मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के बाद अनीता शर्मा ने बताया कि उनकी प्राथमिकता शहर का विकास होगी साथ ही संजय पालीवाल ने कांग्रेसी के नाराज खेमे के द्वारा टिकट बंटवारे में लेनदेन के जो आरोप लगे हैं उनका भी खंडन किया।
