अभियान के दौरान हुए 50 चालान और 10 वाहनों को किया सीज
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए परिवहन विभाग ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ नेहा झा के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा भी उपस्थित रहे।
इस अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग कर ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। चैकिंग अभियान के दौरान दुपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा आवश्यक अभिलेख न होने जैसे मामलों में कुल 50 चालान किए गए। वहीं गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सख्त चेतावनी दी गई।
एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ट्रिपल राइडिंग से बचें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।



