
बबलू सैनी
हरिद्वार/रुड़की। झबरेड़ा क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव के निकट बह रही पुरानी नहर में एक ट्रैक्टर चालक अनियंत्रित होकर वाहन समेत नहर में गिर गया। इस हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी पाकर पुलिस और ग्रामीण मोके पर पहुंचे और शव व ट्रैक्टर को बाहर निकाल लिया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। इस घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार सढौली गांव निवासी अरविंद त्यागी पुत्र बुद्धू (50) शराब का आदि था। सोमवार की देर रात्रि भी वह झबरेड़ा से शराब का सेवन करने के बाद वापस गांव लौट रहा था। जैसे ही वह कोटवाल आलमपुर की पुरानी गंगनहर की पुलिया पर पहुंचा, तभी उसका ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया और दोनों नहर में जा गिरे। घटना की जानकारी सुबह उस समय लगी, जब ग्रामीण खेतो पर जा रहे थे तो उन्होंने देखा कि नहर में एक ट्रैक्टर गिरा हुआ है, यह देखकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित होना शुरू हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर व चालक को ग्रामीणों की मदद से नहर से बाहर निकलवाया। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। इस घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है, उधर गांव में भी शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि अरविंद एक सुखी परिवार से ताल्लुक रखता था और उसके दो भाई दिल्ली में सर्विस पर है, गांव की खेतीबाड़ी की देखभाल अरविंद ही किया करता था। अरविंद अपने पीछे दो बच्चों ओर पत्नी को रोता-बिलखता छोड़ गया।